इंदौर

इंदौर से दुबई के लिए अंतर्राष्ट्रीय विमान सेवा कल से होगी शुरू,जानिए क्या रहेगा शेड्यूल

इन्दौर : एक सितंबर यानि कल से देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दुबई की सीधी उड़ान फिर शुरू होने जा रही है। कोरोना महामारी के कारण 25 मार्च 2020 को इस उड़ान को बंद करना पड़ा। दो साल बाद प्रदेश की यह पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान फिर शुरू होने जा रही है। पहले सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार को इसका संचालन होता था, लेकिन अब केवल सप्ताह में एक दिन बुधवार को ही यह फ्लाइट चलेगी। कोरोना की स्थिति नियंत्रित होने पर फ्लाइट फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। एयर इंडिया (Air India) की यह उड़ान बंगलुरु से इंदौर और इंदौर से सीधे दुबई जाएगी। फिर से दुबई से इंदौर होते हुए बंगलुरु पहुंचेगी।यह उड़ान हर सप्ताह बुधवार को रहेगी। देश की एकमात्र सरकारी उड़ान कंपनी एयर इंडिया ने इसकी तैयारी कर ली है। इस यात्रा के लिए यात्रियों को सुरक्षा के लिहाज से कोविड की जांच कराना अनिवार्य होगा।

ये रहेगा शेड्यूल
अभी फ्लाइट की बुकिंग शुरू नहीं हुई है, लेकिन तय शेड्यूल के मुताबिक ,यह विमान भारतीय समय अनुसार सुबह 9.45 बजे बंगलुरु से उड़ान भरेगा और 11.35 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेगा। इंदौर से 12.35 बजे उड़ान भरकर दोपहर 3.05 दुबई पहुंचेगा। दुबई से भारतीय समय अनुसार शाम 4.05 बजे विमान इंदौर के लिए उड़ान भरेगा। यह विमान रात 8.55 को इंदौर आएगा और यहां से रात 9.55 बजे बंगलुरु के लिए उड़ेगा। रात 11.45 बजे विमान बंगलुरु पहुंचेगा।

बहरहाल इंदौर से 15 जुलाई 2019 को दुबई के लिए पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हुई थी। इस फ्लाइट को यात्रियों का अच्छा रिस्पांस भी मिल रहा था। लेकिन कोविड की पहली लहर के शुरू में ही इसे बंद कर दिया गया था, क्योंकि लॉकडाउन लगने के कारण सारी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी गई थी। तब से ये उड़ान बंद थी।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button