इंदौरताज़ा ख़बरभोपालमध्यप्रदेश

रंगपंचमी पर रंगों से सराबोर हुआ MP: राजधानी में दिग्गी तो इंदौर में CM ने जमकर खेली होली, मोहन ने गेर का भी लिया आंनद

भोपाल। मध्यप्रदेश में रंग पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। इतना ही नहीं राजधानी भोपाल में लेकर आर्थिक राजधानी इंदौर तक ऐसा दिख रहा था मानो पूरे शहर में होली का नशा चढ़ गया है। हर कोई अपनी ही मस्ती में झूम रहा था। ठंडाई पी-पीकर, रंगों से सराबोर होकर लोग हर ताल पर कदमताल कर रहे थे। फिल्मी गानों के बीच मौजूद लोग मस्ती में डूबे नजर आए। भोपाल के कर्फ्यू वाली माता मंदिर में जमकर होली खेली गई। जहां पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शामिल हुए। इस दौरान टैंकरों से रंग और गुलाल उड़ाया गया। दिग्विजय सिंह ने भी रंग-गुलाल से जमकर होली खेली। उन्होंने जय सियाराम कहते हुए सभी को रंग पंचमी के शुभकामनाएं दी।

वहीं इंदौर में भी रंगपंचमी की धूम देखने को मिली। इंदौर में हिन्दू हिन्द रक्षक संगठन की गेर यात्रा में मुख्यमंत्री मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए। सीएम ने गेर का भरपूर आनंद लिया। जगह-जगह लोगों पर गुलाल उड़ाया। अभिवादन भी स्वीकार किया। जब लौटे तो रंग और पानी से तरबतर होकर। दोनों हाथ उठाकर वह इंदौर की गेर से रवाना हुए। इस दौरान सीएम यादव ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि 75 वर्ष पुरानी इस परंपरा में शामिल होकर मैं बेहद खुश हूं। वर्षों पुरानी परंपरा मध्य प्रदेश के साथ-साथ मालवा की खास है। गेर तो एक शब्द है, यह तो अपना बनाने वाली टोली है। आज के बाद अलग-अलग समाजों और मोहल्लों की निशान लेकर निकलने की परंपरा है। आचार संहिता है। कुछ सीमाएं हैं। इसके बाद भी गौरवशाली परंपरा को याद करने मैं आज यहां आया हूं। डॉ. यादव ने सभी लोगों को रंगपंचमी की शुभकामनाएं दी। फिर हिंद रक्षक की फाग यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान इस परंपरा को अनुकरणीय बताया।

सामाजिक संगठनों ने दिया गंगा-जमुनी तहजीब का परिचय
इसी तरह भोजपुर के औबेदुल्लागंज, मण्डीदीप, सुल्तानपुर, बाड़ी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रंग पंचमी का पर्व पूरे हर्षोल्लास से मनाया गया। इस रंगों के त्योहार में औबेदुल्लागंज नगर के सभी सामाजिक संगठनों ने गंगा जमुनी तहजीब का परिचय देते हुए एक दूसरे को रंग लगा कर शुभकामनाएं दी। वहीं मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने हिन्दू उत्सव समिति द्वारा निकाले गए रंग पंचमी के जुलूस का मस्जिद के सामने स्टाल लगाकर स्वागत किया।

रतलाम में अभूतपूर्व उत्साह से मनाया गया रंच पंचमी का पर्व
रतलाम में रंग पंचमी का पर्व अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। शहर के डालू मोदी चौराहे पर रंगों की बारिश और गुलाल के बादलों के बीच होली के मस्तानों का डांस देखने बड़ी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में भी जोर शोर से रंगपंचमी मनाई जा रही है। रंगपंचमी की गेर में भी बड़ी संंख्या में युवाओं की टोलियां रंगों की फुहारें उड़ाते हुए हर किसी को रंगों से सराबोर कर रही है। आसमान में गुलाल के बादल से छाए हुए नजर आ रहे हैं। होली गीतों की धुन पर रंगों की बारिश के बीच होली के मस्तानों की टोलियां झूम कर डांस कर रही है।

गुलाल उड़ाने के लिए फॉगिंग मशीन का इस्तेमाल
देपालपुर में रंग पंचमी की धूम देखने को मिल रही है। 6 बत्ती चौराहे पर युवा गुलाल उड़ाने के लिए फॉगिंग मशीन का इस्तेमाल करते हुए होली खेल रहे हैं। वहीं महिलाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है जो फाग गीतों पर जमकर झूमती हुई नजर आ रही है।

अलिराजपुर में निकाली गई फाग उत्सव यात्रा
अलिराजपुर में भी सर्व हिंदू समाज द्वारा रंगपंचमी पर भव्य सामूहिक फाग उत्सव यात्रा निकाली गई। जिसमे युवक-युवतियां, महिलाएं सहित वरिष्ठजन डीजे की धुन पर जमकर थिरकते नजर आए। आयोजन के तीसरे वर्ष फाग उत्सव को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। फाग उत्सव यात्रा में केसरिया पताका, मशीन से केसरिया गुलाल वर्षा, पुष्प वर्षा व भगवान राधा-कृष्ण की चलित झांकी फाग यात्रा की आकर्षण का केंद्र रही।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button