भोपालमध्यप्रदेश

राव ने दिग्गी को बताया था पाक और उग्रवादियों का दोस्त, अब पूर्व सीएम ने किया बड़ा पलटवार

कांग्रेस नेता ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी से यह भी सवाल पूछा है कि क्या आप भोपाल भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना को जानते हैं? क्या आप सतना के बजरंग दल के अध्यक्ष बलराम सिंह को जानते हैं? क्या आप बलराम सिंह के मित्र राजीव तिवारी को भी जानते हैं?

भोपाल। भाजपा प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव ने भोपाल के एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान और उग्रवादियों का दोस्त बताया था। राव के इस बयान पर अब दिग्गी ने चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने सोमवार को राव पर पलटवार करते हुए कहा कि आपकी सेवा देशद्रोही कर रहे हैं। आपने जो मुझ पर आरोप लगाया है उसका जवाब अब आपको अदालत में देना होगा। बता दें कि दिग्गी के इस बयान से पहले पीसीसी चीफ कमलनाथ ने अपने नेता को सलाह दी थी की राव पर मानहानि का मुकदमा करना चाहए। नाथ ने रविवार को कहा था कि वह 10 साल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। भाजपा नेता झूठ बोलते है। यहीं उनका काम हैं।

वहीं अब दिग्गी ने राव पर पलटवार किया हे। कांग्रेस नेता ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी से यह भी सवाल पूछा है कि क्या आप भोपाल भाजपा आईटी सेल के अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना को जानते हैं? क्या आप सतना के बजरंग दल के अध्यक्ष बलराम सिंह को जानते हैं? क्या आप बलराम सिंह के मित्र राजीव तिवारी को भी जानते हैं? इन सभी को और इनके 14 अन्य साथियों को एमपी पुलिस की एटीएस ने पाकिस्तान की आईएसआई के लिए जासूसी करते हुए पकड़ा था, लेकिन आपके मामा जी शिवराज सिंह चौहान ने इनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा क्यों नहीं चलाया?

देशद्रोहियों की कैसे होने दी जमानत
दिग्गी ने राव से पूछा कि उन सभी देशद्रोहियों की जमानत कैसे होने दी? क्या आप मामा जी से पूछेंगे? आप में साहस है? दिग्विजय सिंह ने एक वीडियो को रिट्वीट करते हुए लिखा- मुरलीधर राव जी यह वीडियो देखकर कृपया आप के साथ बैठे लोगों से तो पूछ लें ध्रुव सक्सेना कौन है? इस पर मामा शिवराज सिंह चौहान ने एनएसए क्यों नहीं लगाया? इसके मकान पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया? बता दें कि मप्र एटीएस ने 2017 में भाजपा आईटी सेल अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना समेत 11 लोगों की गिरफ्तारी की थी। यह पाकिस्तान को जानकारी भेजते थे। इन्होंने पूछताछ में बताया था कि बलराम नाम के व्यक्ति से उनको पैसे मिलते थे। सतना से गिरफ्तार बलराम की जांच मे सामने आया था कि वह आईएसआई के लिए काम करता था। उसके खाते में हवाला से पैसे आते थे। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर से गिरफ्तारियां की थी।

यह बोले थे मुरलीधर राव
गौरतलब है कि सीएम हाउस में शनिवार को मप्र सरकार द्वारा जारी की गई युवा नीति और मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना को लेकर प्रबोधन का कार्यक्रम हुआ था। इस दौरान मुरलीधर राव ने कहा था कि दिग्गी पाकिस्तान के फ्रेंड हो गए हैं। उग्रवादियों के फ्रेंड हो गए हैं। ये भाजपा को पाकिस्तान से ज्यादा दुश्मन मानते हैं। ओसामा को जीह्ण बोलते हैं। मोदी को जी नहीं बोलते। कांग्रेस पार्टी पुराने समय में महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, गोविंद वल्लभ पंत, रविशंकर शुक्ल थे। ये वे कांग्रेस नहीं है। आज की कांग्रेस वो है, जो पाकिस्तान के साथ जी बोलती है। ओसामा और बुरहान वानी को जी बोलते हैं। कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। इसके खिलाफ भाजपा और युवा मोर्चा लड़ रहा है।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button