विदेश

मिसाइल हमलों की आशंका, यूक्रेन ने जारी किया अलर्ट

ल्वीव (यूक्रेन), रूस (Russia) से चल रहे लंबे युद्ध के बीच यूक्रेन (Ukraine) की सेना ने आगाह किया है कि देश पर मिसाइल हमले किए जाने की आशंका काफी अधिक है। इधर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने यूक्रेन पर हमले को सही ठहराते हुए कहा है कि ऐसा कर पश्चिमी देशों की एक साजिश को नाकाम किया गया है.

रूस के अपना ‘विजय दिवस’ मनाने की तैयारी करने के बीच यूक्रेन ने सोमवार को यह चेतावनी दी। रूस द्वितीय विश्व युद्ध में जर्मनी पर तत्कालीन सोवियत संघ (USSR) की जीत को ‘विजय दिवस’ के रूप में मनाता है। यह जीत नौ मई को ही हासिल की गई थी।
यूक्रेन की सेना के जनरल स्टाफ ने कहा कि जापोरिज्जिया में रूसी कब्जे वाले क्षेत्रों में ‘‘ बिना किसी उचित कारण के रूसी सैनिकों ने स्थानीय लोगों के निजी दस्तावेज जब्त करने शुरू कर दिए हैं।’’
उन्होंने कहा कि रूसी सैनिकों ने स्थानीय लोगों को उसके ‘विजय दिवस’ समारोह में भाग लेने के लिए मजबूर करने के वास्ते दस्तावेजों को जब्त किया है।
यूक्रेन की सेना ने आगाह किया कि रूस ने सीमा पार, अपने बेलगोरोद क्षेत्र में करीब 19 बटालियन समूहों को तैनात किया है। एक समूह में करीब 15,200 सैनिक होते हैं, जो टैंक, मिसाइल बैटरी और अन्य हथियारों से लैस हैं।

जनता को दी सफाई पुतिन ने
इधर, रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन ने राजधानी मास्‍को (Moscow) के लाल चौक पर आयोजित विक्‍ट्री डे परेड में पश्चिमी देशों पर जोरदार निशाना साधा। पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश यूक्रेन के जरिए रूस पर हमले की साजिश रच रहे थे। उन्‍होंने कहा कि रूस के सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अब यूक्रेन में लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्‍होंने कहा क‍ि रूसी सेना ने पश्चिमी देशों की नीतियों के खिलाफ सही समय पर और आवश्‍यक जवाबी कार्रवाई की है। पुतिन ने अपने भाषण को अपेक्षा के व‍िपरीत बहुत छोटा रखा।

पुतिन ने कहा कि नाटो हमलावर है जबकि रूस हालात को सुधारने के लिए प्रयास कर रहा है। उन्‍होंने यूक्रेन में चलाए जा रहे विशेष सैन्‍य अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह एक सही फैसला है। उन्‍होंने नए नाजियों के खिलाफ जीत का प्रण लिया। रूसी राष्‍ट्रपति ने कहा कि यूक्रेन पर फांसीवादी ताकतों ने कब्‍जा कर लिया था। उन्‍होंने कहा कि आज हमारे सैनिक अपने दादा और परदादा जिसके लिए लड़े थे, उसकी रक्षा करने के लिए लड़ रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button