भोपाल-नागपुर NH पर हादसा: भारी भरकम ट्राले का वजन सहन नहीं कर पाया ब्रिटिश काल का सुखतवा पुल, भरभरा कर ढहा
भोपाल। मध्य प्रदेश और नागपुर के जोड़ने वाले भोपाल-नागपुर हाइवे पर आज रविवार को बड़ा हादसा हो गाया है। नर्मदापुरम जिले में में सुखतवा नदी पर बना अंग्रेजों के जमाने का पुल भरभरा गिर कर गया है। इससे भोपाल-नागपुर हाईवे पूरी तरह बंद हो गया है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा तब हुआ जब पुल से करीब 138 पहियों वाला ट्राला गुजर रहा था और उसका वजन पुल सहन नहीं कर पाया और वह अचानक ढह गया और ट्राला वहीं लटक गया। इससे भोपाल-नागपुर नेशनल हाइवे का यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। अभी हादसे में हताहतों के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
इस मामले में नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि आज दोपहर में हैदराबाद से एक ट्राला बैतूल से होते हुए इटारसी जा रहा था। सुखतवा पुल पर यह ट्राला जैसे ही पहुंचा तो उसके वजन से पुल ढह गया। ट्राला पर रखी पावर ग्रिड पुल के नीचे गिर गई लेकिन ट्राला पुल गिरने से लटक गया। पुल पर यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। देखते ही देखते नेशनल हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
उन्होंने कहा कि भोपाल की तरफ से जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय कर रहे हैं। वहीं, बैतूल कलेक्टर अमनवीर सिंह बैस ने बताया कि बैतूल से भोपाल की तरफ जाने वाले वाहनों के लिए बैतूल से ही वैकल्पिक रास्ता तय करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
ट्राला हैदराबाद से 6 मार्च को निकला था
बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त 138 पहियों वाला ट्राला हैदराबाद से 6 मार्च को निकला था और इटारसी पहुंचना था। नेशनल हाइवे से वह बैतूल होते हुए इटारसी जा रहा था। मगर 17 फीट ऊंचे और 20 फीट चौड़ी पावर ग्रिड को लेकर वह जैसे ही पुल पर पहुंचा तो दुर्घटना का शिकार हो गया। पावर ग्रिड का वजह करीब सवा सौ किलोग्राम बताया जा रहा है। दुर्घटना में ट्राला चालक सहित चार लोग घायल हो गए।