23.1 C
Bhopal

राजधानी में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, ताली थाली बजाई

प्रमुख खबरे

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के बैनर तले व्यापारी एक बार फिर सड़कों पर उतर आए. बड़ी संख्या में व्यापारी न्यू मार्केट स्थित एक पेट्रोल पंप के पास इकठ्ठे हुए.

यहां से व्यापारी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिलने के लिए सीएम हाउस की ओर बढ़ने लगे. रोशनपुरा चौराहे से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर व्यापारियों को रोक दिया.

इसके बाद कुछ व्यापारियों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की. इस दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. मौके पर सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर एसडीएम अर्चना शर्मा पहुंची और उन्होंने व्यापारियों की मांगों को लेकर उनकी बात सुनी और ज्ञापन लिया.

भोपाल में सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने उग्र प्रदर्शन किया. व्यापारी बैरिकेड हटाकर सीएम हाउस की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे लेकिन पुलिस ने उनकी कोशिश को नाकाम कर दिया. इस दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. पुलिस के रोकने की कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारी नीचे गिर गए. हांलाकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष गोविन्द गोयल और भोपाल व्यापारी महासंघ संघर्ष समिति के अध्यक्ष आनंद सोनी ने कहा, “व्यापारी अपनी मांगों को लेकर यहां इकठ्ठे हुए हैं. उनकी प्रमुख मांग है कि भोपाल में चल रही सीलिंग कार्रवाई तत्काल बंद की जाए और व्यापारियों को राहत देते हुए मास्टर प्लान लागू किया जाए.”

गोविन्द गोयल का कहना है, “शहर के रहवासी इलाकों में वर्षों से संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अचानक हो रही कार्रवाई से हजारों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो रहा है.” व्यापारियों ने चेतावनी दी कि अभी भोपाल के केवल 10 प्रतिशत व्यापारी ही प्रदर्शन में शामिल हुए हैं. यदि सीलिंग कार्रवाई नहीं रोकी गई तो पूरे शहर के व्यापारी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे.

एसडीएम अर्चना शर्मा ने कहा, “सरकार इस मामले मे लगातार बैठक कर रही है. सरकार को भी व्यापारियों की चिंता है. यहां व्यापारियों की मांगों को सुना गया है और उन्होंने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया है जिसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दिया गया है. चर्चा के बाद कोई निर्णय निकल कर सामने आएगा.”

सरकार की सद्बुद्धि के लिए व्यापारियों ने थाली, शंख और डमरू बजाकर अपना विरोध दर्ज करवाया. प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने तानाशाही बंद करो जैसे नारे भी लगाए. कई व्यापारी बैनर लेकर प्रदर्शन में पहुंचे थे. इस दौरान एसीपी अखिल पटेल ई-रिक्शा पर चढ़कर व्यापारियों को समझाने और शांत कराने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं थे.

एक ओर रोशनपुरा चौराहे पर व्यापारी प्रदर्शन करते रहे, वहीं दूसरी ओर नगर निगम शहर के अलग-अलग इलाकों में सीलिंग कार्रवाई में जुटा रहा. कार्रवाई के दौरान कोहेफिजा स्थित कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई. कार्रवाई की आशंका के चलते कुछ संचालकों ने पहले ही स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए थे. करोंद क्षेत्र में भी कार्रवाई के विरोध में कई व्यापारी सड़क पर उतर आए और नगर निगम व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे