मध्यप्रदेशरीवा

रीवा में सर्दी का सितम: सप्ताह भर में चौथी बार लुढ़का पारा, आज की रात सबसे सर्द

रीवा। विंध्य क्षेत्र में चार दिन के भीतर दूसरी बार न्यूनतम पारा में गिरावट दर्ज हुई है। पिछले 24 घंटे से जिले में चुभन भरी हवाओं का कब्जा बना हुआ है। विंध्य में सबसे ज्यादा सर्दी का सितम रीवा और उमरिया जिले में देखने को मिल रहा है। यहां पर रात और दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है। हालांकि दिन में सूर्य नारायण के तेज से लोगों को काफी राहत रहती है। मंगलवार की रात अब तक की सबसे सर्द रात के रूप में अंकित की गई है। रात का न्यूनतम तापमान लगातार लुढ़कता जा रहा है। मंगलवार की रात को सबसे कम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। मौसम के जानकारों की मानें तो बर्फवारी तथा बारिश की आशंका के बीच तापमान के और लुढ़कने की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की भी जरूरत है।

ईरान तथा अफगानिस्तान में आए पश्चिमी विक्षोभ तथा मिचोंग तूफान भले ही शांत हो चुका हो लेकिन जिले में मौसमी तेवर अभी भी लगातार करवटें बदल रहा है। शरद ऋतु शुरू होने के बाद अब तक की सबसे ठण्डी मंगलवार की रात रही। इस दौरान पारा लुढ़ककर 6.4 डिग्री जा पहुंचा। जबकि एक दिन पहले मंगलवार की रात न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। जबकि उमरिया का पारा 6.9 डिग्री पर जा पहुंचा है।

चल रही चुभन भरी हवा
मौसम के मिजाज में आई तब्दीली तथा पारा के एकाएक लुढ़कने की वजह से लोगों को विशेषकर रात में खासा ठंडक का एहसास हो रहा है। यहां उल्लेखनीय बात यह है कि जिले में अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान जारी ठंड के बावजूद घट नहीं रहा था लिहाजा लोगों को मौसम अनुरूप सर्दी का एहसास नहीं हो पाया था लेकिन रविवार के बाद सोमवार की रात तापमान में आई बड़ी गिरावट के बाद ठण्डक ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फवारी का असर भी अब जिले के वातावरण में देखा जा रहा है। सोमवार ही नहीं बल्कि मंगलवार को भी दिन भर सूर्य देव के निकलने के बावजूद 7 किलोमीटर की रफ्तार से सर्द हवाएं बहती रहीं।

अधिकतम तापमान में भी आंशिक परिवर्तन
भले ही न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज हुई हो लेकिन अधिकतम तापमान में अभी भी विशेष बदलाव होता हुआ नजर नहीं आ रहा है। गत दिवस जहां जिले का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था, वहीं मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है। हालांकि इस दौरान 6 घंटा 48 मिनट तक धूप खिली रही। यही वजह है कि दिन का पारा अपेक्षाकृत तेजी से नीचे नहीं उतर रहा है। मंगलवार को चुभन भरी हवा की गति 7 किलोमीटर प्रति घंटे रही। स्थानीय मौसम कार्यालय के हवाले से बताया जा रहा है कि अभी तक न्यूनतम तापमान एक सप्ताह में चार बार नीचे उतर चुका है।

कोल्ड अटैक की गिरफ्त में लोग
लगातार बह रही चुभन भरी हवाओं से जहां जनजीवन पर इसका असर देखा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ लापरवाही बरतने पर लोग कोल्ड अटैक का शिकार भी हो रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार काफी संख्या में लोगों को सर्दी, खांसी व बुखार की शिकायत हो रही है। इतना ही नहीं कोल्ड अटैक के शिकार होने वाले लोगों को काफी तेज ठण्ड भी लग रही है। ऐसे में चिकित्सकों ने लोगों से गर्म कपड़े पहनने तथा ठण्ड से बचने की सलाह दी है। विशेषकर बच्चों तथा बुजुर्गों को वर्तमान समय की ठण्डी हवाओं से बचने की बात कही है।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button