37.1 C
Bhopal

बकरीद पर मप्र में मुस्लिम समाज ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई

प्रमुख खबरे

ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को प्रदेशभर में अकीदत, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, खंडवा और धार समेत कई शहरों में मुस्लिम समाज ने ईदगाहों और मस्जिदों में सामूहिक नमाज अदा कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ मांगी। त्योहार के दौरान कई स्थानों पर गाय को राष्ट्रीय धरोहर या राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी प्रमुखता से उठी।

इंदौर में शहर काजी ने दिया सौहार्द का संदेश

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सदर बाजार स्थित ईदगाह पर बड़ी संख्या में नमाजी जुटे। नमाज से पहले शहर काजी डॉ. इशरत अली ने समाज को गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गाय को पड़ोसी कौम भी सम्मान की नजर से देखती है और उसे राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया जाना चाहिए, ताकि उसके वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जा सके।

उनकी इस अपील का हजारों नमाजियों ने हाथ उठाकर समर्थन किया। इसके साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का संदेश देते हुए लोगों से वर्षा जल को जमीन में उतारने की अपील भी की।

उज्जैन में शांति और भाईचारे की दुआ

उज्जैन के इंदिरानगर स्थित ईदगाह में शहर काजी खालिकुर्रहमान ने मुख्य नमाज अदा कराई। नमाज के बाद देश में शांति, सौहार्द और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई। त्योहार को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे और ईदगाह के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा।

खंडवा में पौधे बांटकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खंडवा में मुख्य ईदगाह सहित करीब 40 मस्जिदों में नमाज अदा की गई। शहर काजी सैयद निसार अली ने कहा कि हिंदू समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए क्षेत्र में वर्षों से गोवंश की कुर्बानी नहीं दी जा रही है। उन्होंने गोवंश के नाम पर हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नमाजियों को पौधे वितरित किए गए और हरियाली बढ़ाने का संकल्प दिलाया गया।

धार में गले मिलकर दी ईद की मुबारकबाद

धार की ऐतिहासिक लाट मस्जिद में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज के लिए पहुंचे। शहर काजी वकार सादिक ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और सौहार्द का संदेश दिया।

त्योहार के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन और पुलिस की विशेष निगरानी रही। अधिकारियों ने लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, जिससे पूरे प्रदेश में बकरीद शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

 

 

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे