31.4 C
Bhopal

ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत मप्र पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह पकड़ा

प्रमुख खबरे

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई के क्रम में देवास पुलिस एवं जीआरपी इटारसी ने अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए अंतर्राज्यीय चेन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लगभग 50 लाख रूपए की संपत्ति तथा ट्रेनों में चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर 8 लाख 52 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।

देवास पुलिस-ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार

देवास पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय संगठित चेन चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। गिरोह में 4 महिलाएं एवं 3 पुरुष शामिल हैं।

विगत 15 दिनों के दौरान गिरोह ने आगरा, ग्वालियर, शिवपुरी, भेड़ाघाट (जबलपुर) एवं देवास में कुल 9 चेन चोरी की घटनाएं की थीं। देवास में 10 जून को हुई घटना के बाद पुलिस ने मात्र तीन दिनों के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई सभी 9 सोने की चैनें (कुल वजन लगभग 156 ग्राम), घटना में प्रयुक्त टाटा हेक्सा कार, 06 महंगे मोबाइल फोन, नगदी राशि सहित लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्‍त की है।

देवास निवासी श्रीमती सरोज अग्रवाल (60 वर्ष) ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मण्डी व्यापारी एसोसिएशन धर्मशाला, ए.बी. रोड देवास में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिला ने उनके गले से लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की सोने की चैन एवं पेंडल चोरी कर लिया। इस संबंध में थाना कोतवाली में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ के तहत शहर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के सैकड़ों फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने उनकी लोकेशन चिन्हित की और विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

सभी आरोपी मूलतः तमिलनाडु के निवासी हैं तथा लंबे समय से दक्षिण दिल्ली में रहकर देश के विभिन्न राज्यों में धार्मिक आयोजनों के दौरान महिलाओं को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

गिरोह की महिला सदस्य भागवत कथा, प्रवचन, मेले, शोभायात्रा तथा अन्य धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालु बनकर शामिल होती थीं। भीड़भाड़, आरती और प्रसाद वितरण के दौरान महिलाओं के गले से बड़ी सफाई से सोने की चैन निकाल लेती थीं। पुरुष सदस्य निगरानी, परिवहन तथा चोरी के माल को ठिकाने लगाने का कार्य करते थे।

जीआरपी इटारसी की सफलता : ट्रेनों में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार

शासकीय रेल पुलिस भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जीआरपी थाना इटारसी ने ट्रेन में चोरी के एक महत्वपूर्ण मामले का सफल खुलासा किया है।

06 मई को राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे कर्नाटक निवासी यात्री के परिवार का हैंडबैग चोरी हो गया था, जिसमें सोने का मंगलसूत्र, मोबाइल फोन, टैबलेट एवं अन्य सामान रखा हुआ था। प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल श्री अंकित जायसवाल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने भोपाल, रानी कमलापति एवं इटारसी स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज तथा साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान पहले एक आरोपी को चिन्हित कर चोरी गया मोबाइल जब्‍त किया गया। उसके बाद मुख्य आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रेन में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी से एक मोबाइल फोन, एक सैमसंग टैबलेट, 54.3 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र सहित लगभाग 8 लाख 52 हजार रुपये की संपत्ति जब्‍त की है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे