भोपाल मेट्रो ने अतिरिक्त कमाई के लिए प्री-वेडिंग शूट, फिल्म शूटिंग और बर्थ-डे सेलिब्रेशन जैसी गतिविधियों की अनुमति देने का नया मॉडल शुरू किया था, लेकिन यह प्रयोग फिलहाल जमीन पर सफल होता नजर नहीं आ रहा। 5 मई को जारी आदेश के 10 दिन बाद तक मेट्रो को एक भी बुकिंग नहीं मिली है।
घाटे और सीमित यात्री संख्या से जूझ रही भोपाल मेट्रो को उम्मीद थी कि स्टेशन और ट्रेन को शूटिंग व इवेंट्स के लिए खोलने से अतिरिक्त राजस्व मिलेगा, लेकिन फिलहाल मामला सिर्फ पूछताछ तक सीमित है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ लोगों और इवेंट एजेंसियों ने जानकारी जरूर ली है, लेकिन किसी ने औपचारिक बुकिंग नहीं कराई।
7000 में प्री-वेडिंग शूट का पैकेज
मेट्रो प्रशासन ने प्री-वेडिंग शूट के लिए करीब 7 हजार रुपए का पैकेज तय किया है। इसमें तय समय के लिए स्टेशन परिसर और ट्रेन में शूटिंग की अनुमति दी जाएगी। वहीं फिल्म, वेब सीरीज, विज्ञापन और कमर्शियल शूट के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए गए हैं।प्रबंधन ने इसके लिए कई शर्तें भी रखी हैं। शूटिंग या किसी आयोजन के लिए कम से कम 15 दिन पहले आवेदन देना होगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा प्रभावित न हो।
भोपाल मेट्रो अभी शुरुआती चरण में है और यात्री संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाई है। ऐसे में मेट्रो प्रबंधन लगातार अतिरिक्त राजस्व के विकल्प तलाश रहा है। इसी रणनीति के तहत स्टेशन और ट्रेन को प्री-वेडिंग शूट और सेलिब्रेशन के लिए खोलने का फैसला लिया गया था। मेट्रो को उम्मीद थी कि सोशल मीडिया रील्स और सिनेमैटिक प्री-वेडिंग शूट के बढ़ते ट्रेंड के चलते युवा वर्ग इस सुविधा को हाथोंहाथ लेगा। भोपाल में डेस्टिनेशन शूट का बढ़ता क्रेज देखते हुए इसे नए बिजनेस मॉडल के तौर पर देखा जा रहा था।
अभी सिर्फ क्वेरी, बुकिंग का इंतजार
मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि लोग लगातार नियम, समय और शुल्क को लेकर जानकारी ले रहे हैं। कुछ इवेंट एजेंसियों ने भी संपर्क किया है, लेकिन अब तक एक भी बुकिंग फाइनल नहीं हुई। ऐसे में भोपाल मेट्रो के इस नए कमाई मॉडल की धीमी शुरुआत ने प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। अब उम्मीद शादी सीजन और आगे होने वाले प्रचार-प्रसार पर टिकी है।



