ताज़ा ख़बर

धोनी ने फिर चौंकाया: IPL के 15वें संस्करण के शुरू होने के दो दिन पहले छोड़ी CSK की कप्तानी, जडेजा को मिली कमान

नई दिल्ली। भारत के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने एक बार फिर अपने प्रसंशकों को चौंका दिया है। धोनी आईपीएल के 15वें संस्करण के शुरू होने से महज दो दिन पहले चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले से उनके प्रसंशक को निराशा हाथ लगी है। उन्होंने अब टीम की कप्तानी भारतीय टीम के आलरांडर रवीन्द्र जडेजा को सौंप दी है। हालांकि महेंद्र सिंह धोनी बतौर बल्लेबाज टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

बता दें कि 2008 से एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रहे हैं। धोनी के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा प्लेआॅफ के लिए क्वालिफाई करने वाली टीम है। एमएस धोनी ने अपनी कप्तानी में फ्रेंचाइजी को चार बार आईपीएल चैंपियन बनाया है। आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस के बाद चेन्नई सुपर किंग्स सबसे सफल टीम है।

गत चैंपियन चेन्नई को 26 मार्च को कोलकाता के साथ वानखेड़े स्टेडियम में पहला मुकाबला खेलना है लेकिन उससे पहले चार बार की चैंपियन सीएसके में यह एक बड़ा बदलाव हुआ है। सीएसके की त?फ से गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, “महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है और रवींद्र जडेजा को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया है। जडेजा जो 2012 से टीम का अहम हिस्सा हैं, वह सीएसके के सिर्फ तीसरे कप्तान हैं। धोनी इस सीजन और इसके आगे भी चेन्नई का हिस्सा बने रहेंगे।”

आईपीएल 2022 मेगा नीलामी से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने चार स्टार खिलाड़ियों को रिटेन किया था। रविंद्र जडेजा, एमएस धोनी, ऋतुराज गायकवाड और मोईन अली। लेकिन फ्रेंचाइजी ने जडेजा को धोनी से ज्यादा रकम देकर टीम में रखा था, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि जडेजा टीम के अगले कप्तान बन सकते हैं।

धोनी आईपीएल इतिहास के दूसरे सफल कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में सीएसके ने 2010, 2011, 2018 और 2021 में चार बार खिताब जीता। धोनी की अगुआई में चेन्नई ने 121 मैच जीते। धोनी आईपीएल में अब तक किसी दूसरे खिलाड़ी की कप्तानी में नहीं खेले हैं। यह पहला मौका होगा जब धोनी किसी दूसरे खिलाड़ी की कप्तानी में खेलेंगे। जडेजा पहले और आखिरी कप्तान हो सकते हैं, जिनके नेतृत्व में धोनी आईपीएल मैच खेलेंगे। यह धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button