दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना शुरू हो गई है। इन दिनों स्वगणना चल रही है। प्रयागराज मंडल के चारों जिलों में चार दिनों के दौरान लगभग 12 हजार लोगों ने स्वगणना की है। स्वगणना के 21 मई तक चलेगी, जिसके बाद 22 मई से 21 जून तक मकानों की गणना होगी।
मकानों की गणना ऐसे होंगी
मकानों की गणना के दौरान जेलों, भिक्षागृहों, अनाथालयों, वृ्द्धा आश्रमों, बालगृहों, बचावगृह, मठ-मंदिर व आश्रम, बोर्डिंग हाउस, मेस, हास्टल, होटलों में रहने वाले लोगों को संस्थागत परिवार माना जाएगा। इन लोगों को मकान गणना के दौरान संस्थागत परिवार के रूप में माना जाएगा।
संस्था या संस्थान में रहने वाले संस्थागत परिवार
जनगणना अधिनियम के अनुसार किसी संस्था अथवा संस्थान में रहने वाले और एक ही रसोई से भोजन प्राप्त करने वाले असंबंधित व्यक्तियों के समूह को संस्थागत परिवार माना जाएगा। पेइंग गेस्ट (पीजी) होम यदि पंजीकृत हैं तो उनमें रहने वाले लोगों को संस्थागत परिवार कहा जाएगा।
बेघर परिवारों की गणना का नियम अलग
वहीं बेघर परिवारों की गणना अलग नियम हैं। बेघर परिवार वे हैं जो खुले में सड़क किनारे, फुटपाथों पर, ह्यूम पाइपों में, फ्लाईओवरों और सीढ़ियों के नीचे, पूजा स्थलों, मंडपों, रेलवे प्लेटफार्मों पर खुले में रहते हैं। बेघर परिवारों को मकान सूचीकरण चरण में शामिल नहीं किया जाएगा।
ऐसे करें स्वगणना, 21 मई तक मौका
जिला जनगणना अधिकारी तथा एडीएम वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह ने बताया कि 21 मई तक लोग स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकते हैं। स्वप्रेरणा से अपनी गणना कर सकते हैं। इसमें राज्य का चयन, मोबाइल नंबर और ईमेल से पंजीकरण शामिल है। ओटीपी सत्यापन के बाद भाषा और जिले का चयन करना होगा। इसके बाद मैप पर अपने घर की सटीक लोकेशन मार्क करनी होगी और मकान व परिवार से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
जनगणना अति आवश्यक
जिला जनगणना अधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल नागरिकों की संख्या का आकलन मात्र ही नहीं, यह आयु, लिंग, साक्षरता, आर्थिक गतिविधि आदि महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक आंकड़ों के संग्रह की एक प्रमुख प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं का निर्धारण किया जाता है।
33 प्रश्नों का घर बैठे उत्तर दें
उन्होंने आह्वान किया है कि वे जनगणना 2027 के प्रथम चरण, मकान सूचीकरण एवं आवास गणना में सक्रिय सहभागिता करें। स्व-गणना तहत नागरिक पोर्टल पर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में 33 प्रश्नों का उत्तर देकर घर बैठे अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं।



