35.4 C
Bhopal

तमिलनाडु में विजय थलपति की आखिर बन गई सरकार, मुख्यमंत्री पद की शपथ

प्रमुख खबरे

टीवीके प्रमुख विजय थलपति ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ग्रहण कर ली है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने चेन्नई स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित रंगारंग समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान टीवीके कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह में नजर आया। उन्होंने ताली और सीटियां बजाकर अपने नेता का हौसला बढ़ाया। थलपति विजय के शपथ में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी पहुंचे, विजय ने उनके साथ मंच भी शेयर किया। तमिलनाडु के नए सीएम बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी थलपति विजय को बधाई दी है।

पीएम मोदी ने नए सीएम विजय को दी बधाई

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सी. जोसेफ विजय को बधाई। उनके आगामी कार्यकाल के लिए उन्हें शुभकामनाएं। केंद्र सरकार लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।’ प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट पर नए सीएम विजय को बधाई के साथ खास संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए तमिलनाडु सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।

राहुल गांधी भी शपथ ग्रहण के दौरान रहे मौजूद

जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक भव्य समारोह में विजय के अलावा एन. आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुण राज, केए. सेंगोट्टैयन, पी.वेंकेटरामनन, आर.निर्मलकुमार, राजमोहन, डॉ.टीके प्रभु और सेल्वी एस. कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी के बीच थलपति विजय ने ईश्वर के नाम पर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण के साथ ही विजय ने दिया बड़ा मैसेज

विजय के मंत्रियों ने भी ईश्वर के नाम पर शपथ ली। वहीं पूर्ववर्ती डीएमके सरकार में अधिकतर मंत्रियों ने ऐसा नहीं किया था। विजय के शपथ ग्रहण के साथ ही तमिलनाडु में डीएमके और एआईएडीएमके का लगभग छह दशकों का दबदबा खत्म हो गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था में शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ।

विजय बने मुख्यमंत्री, टीवीके कार्यकर्ताओं में उत्साह

विजय ने शपथ ग्रहण के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मंच साझा किया। कांग्रेस सबसे पहली पार्टी थी जिसने टीवीके का सरकार बनाने के लिए समर्थन किया था। वहीं विजय के शपथ ग्रहण में सबसे आगे की लाइन में विजय के माता-पिता, जाने-माने फिल्ममेकर एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर के लिए सीटें रिजर्व थीं। एक्टर त्रिशा कृष्णन और उनकी मां को भी उसी लाइन में सीटें दी गईं थीं।

विजय ने ऐसे जुटाया बहुमत और बने सीएम

टीवीके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 234 सदस्यों वाली तमिलनाडु असेंबली में 120 विधायकों का समर्थन मिलने के बाद विजय ने राज्यपाल से मिलकर दावा पेश किया। टीवीके ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी, लेकिन वह बहुमत से पीछे रह गई। कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सिस्ट ने सरकार बनाने के लिए टीवीके का समर्थन किया।

1967 के बाद पहली बार राज्य में कोई गैर द्रविड़ पार्टी सत्ता में

टीवीके चीफ विजय ने जैसे ही जरूरी समर्थन प्राप्त कर लिया तो शनिवार रात चेन्नई के लोक भवन में गवर्नर आर्लेकर से मुलाकात की। इस दौरान सभी पांच सहयोगी पार्टियों के समर्थन पत्र सौंपे। नए मुख्यमंत्री विजय को 13 मई या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का भी निर्देश दिया है। विजय का शपथ ग्रहण तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव है, क्योंकि 1967 के बाद पहली बार राज्य में कोई गैर द्रविड़ पार्टी सत्ता में आई है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे