ताज़ा ख़बरमध्यप्रदेश

आदिवासी भूमि से शिवराज पर बरसी प्रियंका, सरकार बनी तो बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने किया वादा, दी कई गारंटी भी

मंडला। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। इसके साथ ही दलों के शीर्ष नेताओं ने राज्य का दौरा कर अपनी पार्टी के पक्ष में माहौल भी बनाना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में आदिवासी मतदाताओं को साधने के लिए हफ्ते भर के अंदर दूसरी बार गुरुवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी मप्र के दौरे पर आर्इं। उन्होंने मंडला जिले के आदिवासी भूमि रामनगर में जन आक्रोश सभा को संबोधित किया। यहां से जहां उन्होंने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। वहीं मतदाताओं को लुभाने के लिए कई बड़ी घोषणएं भी की।

जन आक्रोश सभा को संबोधित करते हुए जनता से वादा किया प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। इस योजना का नाम पढ़ो और पढ़ाओ होगा। इस योजना के तहत प्रत्येक स्कूली बच्चों को योजना के तहत हर महीने 500 रुपए से 1,500 रुपये दिए जाएंगे। कक्षा-1 से कक्षा-8 तक के बच्चों को 500 रुपये दिए जाएंगे। फिर कक्षा-9 और कक्षा-10 के बच्चों को एक हजार रुपये और कक्षा-11 और कक्षा-12 के बच्चों को 1,500 रुपये प्रति महीने दिए जाएंगे।

किसानों का कर्ज करेंगे माफ
वहीं उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुछ गारंटी लाई है। हम किसानों का कर्ज माफ करेंगे। 100 यूनिट तक बिजली मुफ्त, 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ, पुरानी पेंशन योजना लागू होगी। गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा। नारी सम्मान योजना के तहत 1500 रुपये महिलाओं के खाते में डाले जाएंगे। किसानों को पांच हॉर्स पॉवर तक बिजली मुफ्त मिलेगी। हम मध्य प्रदेश में जातिगत जनगणना करवाएंगे। जहां भी 50 फीसदी से ज्यादा आदिवासी हैं, वहां छठी अनुसूची लागू की जाएगी। बैकलॉग पदों पर तत्काल भर्ती होगी। पीएम आवास योजना की शहर और गांव में धनराशि अलग-अलग मिलती है। पीएम आवास योजना की धनराशि शहर और गांव में बराबर मिलेगी।

शिवराज सरकार ने आदिवासियों के छीन लिए अधिकार
प्रियंका गांधी ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने आदिवासी के अधिकार छीन लिए। बीजेपी में उपज के दाम नहीं दिया जा रहा, वन अधिकारी रोक दिया गया है। सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश से महिला गायब हो रही है। डेढ़ लाख महिलाएं गायब है। प्रदेश में रोजगार खत्म हो गया है। तेजी से पलायन बढ़ा है। 18 साल से बीजेपी लूट में लगी हुईं है। चुनाव आते ही ध्यान भटकाने का काम किया जाता है। तेंदूपत्ता पर बोनस देने का काम इंदिरा गांधी ने शुरू किया था। जिसमें कमीशन होता है वही चीज बांटा जाता है। 18 साल से सरकार में रहते काम क्यों नहीं किया, जो चुनाव के वक्त घोषणा कर रहे है। बिना साइज नापे ही बीजेपी लोगों को चप्पल और जूते बांट देते है।

मैं आपसे वोट जागरुकता मांगती हूं
कांग्रेस की सरकार गिरने का जिक्र करते हुए प्रियंका ने कहा कि पिछला जनादेश, धनादेश के बल पर बदल दिया गया। आपने साढ़े तीन साल में इनकी नीयत देख ली है। जो पार्टी घोषणा कर रही है, उनका रिकॉर्ड देखो। मेरा मानना है कि जनता से ज्यादा किसी में विवेक नहीं होता है। कोई कुछ भी कहे, आप सच्चाई को पहचानते हैं। मेरी दादी को आप याद करते हैं क्योंकि आपने सही नीयत को पहचाना। आपने उन्हें आगे बढ़ाया। उन्होंने आपको आगे बढ़ाया। मैं आपसे वोट नहीं जागरुकता मांगती हूं। जिस दिन मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आएगी, उस दिन से सही काम शुरू होगा। जो घोषणाएं की हैं, उसका रिकॉर्ड देखिए। हमने दूसरे राज्यों में कर के दिखाया है।

कांग्रेस की सरकार बनने पर बनाएंगे जातिगत जनगणना
प्रियंका ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम बार-बार कहते हैं कि जातिगत जनगणना होनी चाहिए। इससे पता चलेगा कि हमारे देश में ओबीसी, आदिवासी, दलित समेत किस वर्ग के कितने लोग हैं। हम देश में गिनती करने को कह रहे हैं। दलित कितने हैं, आदिवासी कितने हैं, गिनती करो तभी पता चलेगा कि सही हो रहा है या नहीं हो रहा है। बिहार में गिनती की गई। पता चला कि 84 प्रतिशत लोग ओबीसी, एससी-एसटी वर्ग के हैं। जिनकी आबादी ज्यादा है, उन्हें पद और मौका नहीं मिल रहा है। हम चाहते हैं कि गिनती से लोगों के साथ न्याय हो सके। ये सरकार इतना भी नहीं करना चाहती। ये कहते हैं कि हम जनता और समाज को बांटना चाहते हैं। सच तो यह है कि हम सभी को न्याय देना चाहते हैं।

छत्तीसगढ़ के विकास का उदाहरण दिया
प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ की सरकार का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी क्षेत्र को एक ब्रांड बना दिया है। वहां की चीजें पूरे देश तक पहुंच रही हैं। वहां कोदो, रागी से बनी चीजें दिल्ली तक पहुंच रही हैं। आदिवासी पाठशालाएं हैं, जहां आपकी संस्कृति सिखाई जाती है। गौठान में रोजगार बनाई हैं, जिससे महिलाएं एक से छह लाख रुपये तक कमा रहीं है। आप नहीं चाहते कि एक ऐसी सरकार आए जो आपको समझे। वहां 67 वनोपज के लिए समर्थन मूल्य दिया जाता है। यहां भी सरकार आएगी तो तेंदुपत्ता के लिए चार हजार रुपये देंगे। यहां भी छग की तरह पेसा कानून लागू होगा।

18 साल की सरकार में 22 हजार घोषणाएं
18 साल की सरकार में 22 हजार घोषणाएं हुई है। मंडला, जबलपुर की सड़क 10 साल से नहीं बनी। सड़क को लेकर बीजेपी के केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी को माफी मांगनी पड़ी है। स्कॉलरशिप में घोटाला, पटवारी भर्ती परीक्षा में घोटाला, महाकाल घोटाला, नर्मदा में घोटाला,मंदिर में घोटाला, राशन घोटाला, हर काम में घोटाला हुआ है। प्रियंका ने पूछा सवाल, क्या आप इन 18 साल के घोटालों से थक नहीं गए? महिलाओं को सस्ता सिलेंडर देने के नाम पर 4 हजार मांगे जा रहे है। हम 485 रुपए में राशन और सिलेंडर दे रहे थे। भाजपा 1125 रुपए में सिलेंडर देकर मुफ्त में राशन दे रही है। मुझे चिंता होती है कि गरीब आदमी कैसे गुजारा कर रहा है। रोजगार के सारे साधन बेच दिए।

शिवराज पर कसा तंज
प्रियंका ने कहा कि 225 महीनों की सरकार है और 250 घोटालें हैं। 18 साल में 22 हजार घोषणाएं की हैं। मंडला की सड़क बीते 10 साल से बन रही है। यहां की सड़क के लिए गडकरी जी को माफी मांगनी पड़ी। स्कूल में घोटाला, भर्ती में घोटाला हर चीज में यहां घोटाला है। जब भर्ती की परीक्षा में घोटाला है तो नौजवान क्या करे। अगली पीढ़ी के लिए भी यहां कुछ दिख नहीं रहा। व्यापमं का जो घोटाला हुआ, उसमें कितने लोग मर गए, कोई जांच नहीं की। महाकाल में घोटाला, मंदिर में जो मूर्ति लगाई उसमें घोटाला। थक नहीं गए हो आप, जो नेता होते हैं राजनीति में आते हैं, ये भावना लेकर आते हैं कि सेवा करेंगे। आपको भी लगता है गांव का है, करेगा। फिर मंच पर आकर कुछ भी कहानियां सुना रहे हैं> सच्चाई कुछ और है। नर्मदा मैया में घोटाला हो रहा है। जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है उन्हें सबक सिखाने का समय आ गया है।

‘मैं इंदिरा जी की पोती हूं, सच बोलती हूं’
प्रियंका ने इस दौरान अपनी दादी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी याद किया। उन्होंने कहा कि ‘मैं इंदिरा जी की पोती हूं। मेरी जिम्मेदारी है मैं आपके सामने सच बोलूं। आपकी भी जिम्मेदारी है, आपके पूर्वज इस देश के लिए शहीद हुए। आपकी भी जिम्मेदारी बनती है कि आप ऐसी सरकार लाएं जो आपके लिए काम करे। 18 साल से यहां अस्पताल नहीं बनवा पाए, 10 साल में सड़क नहीं बनवा पाए। पूरे सीएचसी में आंख का डॉक्टर नहीं है। अगर एक सही सरकार होती है, सही नीयत होती है तो बहुत कुछ होता है। राजस्थान में चिंरजीवी योजना में 25 लाख रुपये तक का इलाज सरकार कराती है।’

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button