देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 स्थित पॉकेट जी-5 एमसीडी स्कूल के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग अचानक जमींदोज हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई।
वह बाइक से गुजर रहा था कि मलबा उनके ऊपर ही गिर गया। अभी भी 6-7 लोगों के दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
इस हादसे में जान गंवाने वाले राहगीर की पहचान राम (40) के तौर पर हुई है और घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर उनका मकान है। वह पेशे से मोटरसाइकिल मैकेनिक बताया जा रहे हैं। मृतक के दो बेटे हैं। वहीं, मलबे से तीन लोगों को घायल अवस्था में निकाला गया। रेस्क्यू से पहले उन्हें ऑक्सीजन दी गई, फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दमकल विभाग के अनुसार शाम करीब 4.20 बजे पुलिस व दमकल विभाग को सूचना इस बारे में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके बाद राहत और बचाव का काम जारी है।
पुलिस का कहना है कि इमारत में कुछ लोगों के दबे होने की सूचना मिली है और इसके बाद रेस्क्यू टीम लगातार काम कर रही है। फिलहाल फिलहाल हताहत होने वालों की संख्या ज्ञात नहीं हो पाई है। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि बारिश की वजह से यह हादसा हुआ और यहां पर तीन मंजिला इमारत बनाने का काम चल रहा था। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने एहतियातन 50 मीटर के दायरे में मौजूद घरों को खाली करा लिया है।
दमकल विभाग के अनुसार मलबे से एक युवक को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया है जबकि आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कुछ लोग और फंसे हो सकते हैं। इनकी संख्या 5 से 10 हो बताई जाती है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बहरहाल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत और बचाव कार्य जारी है।



