मध्यप्रदेश में रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए दूध, घी, मावा और मिठाई की जांच का अभियान चल रहा है।
जांच में भोपाल-इंदौर समेत 8 शहरों में घी के 25 ब्रांड के सैंपल अमानक मिले हैं। इनमें पॉम ऑयल समेत अन्य मिलावट पाई गई है।
भोपाल में 9, इंदौर में 7 और उज्जैन में 3 सैंपल फेल हुए हैं, इसके अलावा कटनी, नर्मदापुरम, डिंडौरी, धार और दमोह में भी घी के अमानक सैंपल मिले हैं।
गुजरात के घी निर्माता को भी नोटिस की कार्रवाई
फूड सेफ्टी कंट्रोलर ने गुजरात के खाद्य सुरक्षा आयुक्त को भी पत्र लिखा है, खेड़ा जिले की बालाजी डेयरी प्रोडक्ट्स के घी के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए हैं। इस पर निर्माता के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है।
नागपुर से आया मिल्क केक भी जांच में फेल
इधर, भोपाल में सोमवार को जब्त किया गया 166 किलो मिल्क केक भी अमानक पाया गया है। यह महाराष्ट्र के नागपुर से आया था। फूड सेफ्टी कंट्रोलर मनोज पुष्प ने नागपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर संबंधित कारोबारियों पर कार्रवाई के लिए कहा है।
नागपुर के मनन स्वीट्स से आया था मिल्क केक
भोपाल में मिलावट या गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर सोमवार को नादरा बस स्टैंड से 150 किलो मावा और 166 किलो मिल्क केक जब्त किया गया था। जांच में मिल्क केक अमानक पाया गया।
फूड सेफ्टी कंट्रोलर मनोज पुष्प ने नागपुर कलेक्टर को लिखे पत्र में बताया कि यह मिल्क केक स्नेहदीप कॉलोनी, नारा रोड, जरीपटका स्थित मनन स्वीट्स से लाया गया था। उन्होंने संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ के बाद अब मध्य प्रदेश में भी एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात रवाना होने से पहले खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की बैठक में इस तरह के पनीर के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर रोक लगाने के आदेश दिए।



