प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील के बीच मध्यप्रदेश भाजपा में नेताओं के अलग-अलग अंदाज चर्चा का विषय बन गए। एक ओर पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ठाकुर 200 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ भोपाल पहुंचे, तो वहीं दूसरी ओर मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह ई-रिक्शा से पदभार ग्रहण करने पहुंचे।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील का पालन करने और ईंधन बचाने की नसीहत दी है।
दरअसल, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष बनाए जाने के बाद सौभाग्य सिंह ठाकुर समर्थकों के बड़े काफिले के साथ उज्जैन से भोपाल पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके साथ करीब 200 से अधिक वाहन शामिल थे। राजधानी पहुंचने पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी की मौजूदगी में उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
लंबे काफिले की वजह से उज्जैन-भोपाल मार्ग सहित राजधानी भोपाल के कई इलाकों में यातायात प्रभावित रहा। भीषण गर्मी के बीच हाईवे से लेकर बोर्ड ऑफिस चौराहा, डीबी मॉल और अरेरा हिल्स तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों से पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करने की अपील की थी। प्रधानमंत्री ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए लोगों से अनावश्यक ईंधन खर्च से बचने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने, कार पूलिंग करने और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने का आग्रह किया था।
इसी बीच मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह अलग संदेश देते नजर आए। वे भोपाल स्थित अपने निवास से बैटरी चालित ई-रिक्शा में भाजपा कार्यालय पहुंचे। उनके इस कदम को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देखा गया।
क्या बोले खंडेलवाल?
पूरा मामला चर्चा में आने के बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को दोहराया। उन्होंने कहा कि सभी को ईंधन की बचत करनी चाहिए और अनावश्यक उपयोग से बचना चाहिए। विशेष रूप से निगम-मंडलों के अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को इस संदेश को अपने दैनिक जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल अपील नहीं, बल्कि समय की आवश्यकता और हमारी जिम्मेदारी है। समाज और देशहित में हर छोटा प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।



