24.8 C
Bhopal

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में बिहार के झंडू कुमार ने भारत को दिलाया पहला मेडल

प्रमुख खबरे

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में झंडू कुमार ने पुरुषों के हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के लिए पहला मेडल जीता।

जादुमणि सिंह ने शानदार जीत के साथ भारत के बॉक्सिंग अभियान की शुरुआत की और पुरुषों के 55किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ़ 16 में जगह बनाई।

बाउल्स में, पुतुल सोनोवाल ने पुरुषों के एकल में लगातार दूसरी जीत हासिल की, जबकि रूपा रानी टिर्की और पिंकी सिंह ने भी अपनी अजेय शुरुआत बरकरार रखते हुए महिला पेयर्स में ग्रुप बी में टॉप पर जगह बनाई।

ओलंपियन श्रीहरि नटराज पुरुषों के 50मी बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में तो पहुंचे, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सके। वहीं, भारतीय पैरा तैराक रवि वीरा वेंकट बुडिगिना पुरुषों के S13 100m फ़्रीस्टाइल फाइनल में चौथे स्थान पर रहे और पोडियम पर जगह नहीं बना सके।

ग्लासगो में और भी मेडल इवेंट्स शुरू होने के साथ, दूसरे दिन भी भारतीय दल के लिए शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है।

आर्टिस्टिक जिमनास्टिक: तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह ऑल अराउंड फाइनल में पहुंचे

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष आर्टिस्टिक जिमनास्टिक स्पर्धा में भारत के तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह ने ऑल अराउंड फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

तपन मोहंती ने 71.700 अंक के साथ 17वां, जबकि योगेश्वर सिंह ने 71.400 अंक के साथ 18वां स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।

इसके अलावा स्वाथिश केपी स्टिल रिंग्स फाइनल के लिए दूसरे रिजर्व खिलाड़ी बने हैं, जबकि योगेश्वर सिंह वॉल्ट फाइनल के लिए भी दूसरे रिजर्व के रूप में शामिल हैं।

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक: पुरुषों के टीम इवेंट में सातवें स्थान पर रहा भारत

भारत के तपन मोहंती, स्वातिश केपी, तापेश्वरनाथ दास और योगेश्वर सिंह ने पुरुषों के आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक टीम इवेंट में कुल 208.550 अंकों के साथ सातवां स्थान हासिल किया।

झंडू कुमार कौन हैं?

बिहार के नालंदा के हरनौत में जन्मे झंडू कुमार एक भारतीय पैरा पावरलिफ्टर हैं, जो पुरुषों की 72 किग्रा कैटेगरी में हिस्सा लेते हैं। एक सब्जी बेचने वाले के बेटे झंडू जन्म से ही पोलियो से प्रभावित थे और एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखते हैं।

उन्होंने अपने खेल करियर की शुरुआत साल 2017 में पैरा एथलीट के तौर पर की थी और F55 शॉट पुट और डिस्कस थ्रो इवेंट में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने कई डिस्ट्रिक्ट और स्टेट-लेवल मेडल जीते।

इस दौरान जिम में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग ने उनमें पावरलिफ्टिंग के प्रति दिलचस्पी जगाई। एक स्टेट चैंपियनशिप में मिली सलाह के बाद उन्होंने पैरा पावरलिफ्टिंग अपना ली।

हालांकि, अपनी पहली नेशनल चैंपियनशिप में वह कोई सफल लिफ्ट नहीं कर पाए, लेकिन यह असफलता उनके लिए एक नया मोड़ साबित हुई। पैरालंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट राजिंदर सिंह राहेलू ने उनके हुनर को पहचाना और उन्हें गांधीनगर स्थित स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (NCOE) में ट्रेनिंग के लिए बुलाया।

राजिंदर सिंह राहेलू के नेतृत्व में झंडू तेजी से भारत के प्रमुख पैरा पावरलिफ्टर्स में से एक बन गए। 2025 में, उन्होंने नेशनल चैंपियनशिप में 205 किग्रा वजन उठाकर एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और खेलो इंडिया पैरा गेम्स में इसे और बेहतर करते हुए 206 किग्रा तक पहुंचाया।

शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने बीजिंग वर्ल्ड कप 2025 में कांस्य पदक हासिल किया। इसके बाद एशियन और ओशिनिया चैंपियनशिप 2026 में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया। अब वह लॉस एंजिल्स पैरालंपिक गेम्स 2028 में भारत के लिए मेडल जीतने के लंबे समय के लक्ष्य के साथ तैयारी कर रहे हैं।

पैरा पावरलिफ्टिंग: झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला

भारत के झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के लिए पहला पदक जीता। उन्होंने पुरुषों के हैवीवेट फाइनल में 130.9 प्वॉइंट्स और 190 किग्रा के बेस्ट लिफ्ट के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने रजत पदक जीता। मौजूदा चैंपियन भारत के सुधीर कुल 114.1 प्वॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर रहे।

तैराकी: श्रीहरि नटराज 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल के लिए नहीं कर सके क्वालीफाई

श्रीहरि नटराज सेमी-फाइनल में 25.29 सेकेंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे और कुल मिलाकर 11वें स्थान पर रहे। वह 50 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके।

भारतीय तैराक 100 मीटर बैकस्ट्रोक, 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले इवेंट्स में हिस्सा लेने के लिए पूल में वापसी करेंगे।

पैरा स्विमिंग: बुडिगिना कांस्य पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए

रवि वीरा वेंकटा बुडिगिना पुरुषों के S13 100 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल में पदक से चूक गए और 57.57 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। अली इमाम 1:03.73 के समय के साथ सातवें स्थान पर रहे।

पैरा पावरलिफ्टिंग: पुरुषों के हेवीवेट में अगले मुकाबले सुधीर और झंडू कुमार के होंगे

महिलाओं के हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग फाइनल में कस्तूरी राजामणि अपने तीनों प्रयासों में सफल नहीं हो सकीं और बिना कोई अंक हासिल किए प्रतियोगिता समाप्त की।

भारत का पैरा पावरलिफ्टिंग अभियान आज देर रात समाप्त होगा, जब मौजूदा चैंपियन सुधीर और झंडू कुमार पुरुषों के हेवीवेट फाइनल में उतरेंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 12:29 बजे शुरू होगा।

बॉक्सिंग: जादुमणि सिंह ने शानदार जीत के साथ अगले राउंड में जगह बनाई

भारत के जादुमणि सिंह ने पुरुषों के 55 किग्रा वर्ग में स्कॉटलैंड के एरन कलन पर 5-0 की शानदार जीत के साथ देश के बॉक्सिंग अभियान की शुरुआत की।

भारतीय बॉक्सर राउंड ऑफ 16 में पहुंच गया है और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उसका मुक़ाबला पाकिस्तान के सुमामा रहमान से होगा।

बाउल्स: सेक्शन डी में पुतुल सोनोवाल शीर्ष पर

भारत के पुतुल सोनोवाल ने पुरुष एकल वर्ग में अपना अजेय क्रम जारी रखते हुए फॉकलैंड आइलैंड के सेसिल एलेक्जेंडर को 7-5, 8-6 और टाई-ब्रेक में 1-0 से हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में लगातार दूसरी जीत हासिल की।

मौजूदा एशियन चैंपियन ने अब सेक्शन डी में दो मैचों में दो जीत दर्ज कर ली हैं, जिससे सेमीफाइनल में जगह बनाने की उनकी दावेदारी मजबूत हो गई है। सेमीफाइनल में सिर्फ ग्रुप विजेता ही आगे बढ़ सकता है।

ग्लासगो पहुंचे नीरज चोपड़ा

भारत के सबसे बड़े स्टार नीरज चोपड़ा एथलेटिक्स इवेंट के लिए ग्लासगो पहुंच गए हैं, जो सोमवार से शुरू होने वाले हैं।

 

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता गुरुवार को पुरुष भाला फेंक में हिस्सा लेंगे। गोल्ड कोस्ट 2018 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद अब वह कॉमनवेल्थ गेम्स में एक और पदक अपने नाम करने की कोशिश करेंगे।

 

लॉन बाउल्स: महिला पेयर्स में भारत की लगातार दूसरी जीत

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला पेयर्स लॉन बाउल्स स्पर्धा में भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग फाइनल रिजल्ट

एस्थर नवोरगु (नाइजीरिया) – 119.0 प्वाइंट्स

एस्थर ओयेमा (नाइजीरिया) – 115.5 प्वाइंट्स

ओलिविया ब्रूम (इंग्लैंड) – 106.6 प्वाइंट्स

हेलेन वाविरा करियुकी (केन्या) – 104.4 प्वाइंट्स

शार्लोट मैकगिनेस (इंग्लैंड) – 96.9 प्वाइंट्स

जसप्रीत कौर (भारत) – 96.4 प्वाइंट्स

सुमन देवी (भारत) – 88.4 प्वाइंट्स

सुजैन मेन्ये एम’एटो (कैमरून) – 87.9 प्वाइंट्स

रहाब न्गारे (केन्या) – 71.0 प्वाइंट्स

जेड प्रिचर्ड (ऑस्ट्रेलिया) – 60.6 प्वाइंट्स

नताशा प्राइस (ऑस्ट्रेलिया) – 57.2 प्वाइंट्स

जेनेट नकायोब्यो (युगांडा) – 54.4 प्वाइंट्स

पैरा पावरलिफ्टिंग: जसप्रीत कौर छठे और सुमन देवी सातवें स्थान पर रहीं

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत की जसप्रीत कौर छठे स्थान पर रहीं।

जसप्रीत ने ग्रुप बी में 100 किलोग्राम का सर्वश्रेष्ठ वजन उठाकर शीर्ष स्थान हासिल किया था। हालांकि, संयुक्त परिणामों में उन्होंने 96.4 अंक के साथ प्रतियोगिता छठे स्थान पर समाप्त की।

वहीं, भारत की सुमन देवी ने 88.4 अंक हासिल किए और सातवें स्थान पर रहीं। इसके साथ ही दोनों भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने से चूक गईं।

पैरा पावरलिफ्टिंग: अब जसप्रीत कौर और सुमन देवी पर रहेंगी नजरें

पुरुष लाइटवेट स्पर्धा के बाद अब भारत की जसप्रीत कौर और सुमन देवी महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में अपना अभियान शुरू करेंगी।

जसप्रीत कौर को ग्रुप बी में रखा गया है, जबकि सुमन देवी ग्रुप ए में प्रतिस्पर्धा करेंगी। दोनों भारतीय खिलाड़ी भारत के लिए पदक जीतने की कोशिश करेंगी।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: पुरुष लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग फाइनल रिजल्ट

मार्क स्वान (इंग्लैंड) – 153.9 अंक

रोलैंड एज़ुरुइके (नाइजीरिया) – 153.9 अंक

बोनी बुन्याउ गस्टिन (मलेशिया) – 153.5 अंक

अशोक (भारत) – 143.8 अंक

फिनले डेविडसन (स्कॉटलैंड) – 141.4 अंक

इब्राहिम दाउदा (नाइजीरिया) – 140.1 अंक

परमजीत कुमार (भारत) – 135.6 अंक

न्गुंगी मरिंगा (केन्या) – 127.0 अंक

डेनियल बॉस (ऑस्ट्रेलिया) – 123.3 अंक

बेलिंगा मांगा (कैमरून) – 103.9 अंक

मोफेट टोलोमे (सोलोमन द्वीप) – 94.0 अंक

निक मर्सिएका (माल्टा) – 92.5 अंक

पैरा पावरलिफ्टिंग: भारत कांस्य पदक से चूका, अशोक चौथे स्थान पर रहे

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के अशोक कांस्य पदक जीतने से चूक गए।

अशोक ने 200 किलोग्राम का सर्वश्रेष्ठ वजन उठाया और 143.8 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे। वहीं, भारत के दूसरे खिलाड़ी परमजीत कुमार ने 135.6 अंक हासिल किए और सातवें स्थान पर प्रतियोगिता समाप्त की। इस परिणाम के साथ भारत को पहले पदक के लिए अभी और इंतजार करना होगा।

पैरा पावरलिफ्टिंग: भारत की पहली पदक स्पर्धा अब शुरू होगी

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पहली पदक स्पर्धा अब शुरू होने जा रही है।

 

पुरुष लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग फाइनल में भारत की ओर से अशोक और परमजीत कुमार पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। भारतीय खेल प्रेमियों की नजरें अब इस मुकाबले पर रहेंगी, जहां भारत के खाते में पहला पदक आने की उम्मीद होगी।

तैराकी: श्रीहरि नटराज ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में बनाई जगह

भारत के स्टार तैराक श्रीहरि नटराज ने पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।

श्रीहरि ने हीट्स में 25.52 सेकेंड का समय निकालकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वह 16 क्वालीफायर में 14वें सबसे तेज तैराक रहे और अब आज ही होने वाले सेमीफाइनल में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

पैरा तैराकी: रवि बुडिग्ना और अली इमाम फाइनल में पहुंचे

भारत के रवि वीरा वेंकट बुडिग्ना और अली इमाम ने पुरुष एस13 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है।

बुडिग्ना ने हीट्स में 57.10 सेकेंड का समय निकालते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। वहीं अली इमाम ने 1 मिनट 05.32 सेकेंड का समय दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।

पैरा तैराकी: रवि बुडिग्ना और अली इमाम आज से शुरू करेंगे अभियान

भारत के रवि वीरा वेंकट बुडिग्ना और अली इमाम आज पुरुष एस13 100 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट्स के साथ कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपने पैरा तैराकी अभियान की शुरुआत करेंगे।

यह स्पर्धा भारतीय समयानुसार दोपहर 3:40 बजे शुरू होगी, जबकि इसका फाइनल मुकाबला देर रात आयोजित किया जाएगा।

भारतीय जिमनास्ट सबडिवीजन-2 में करेंगे शुरुआत

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पुरुष टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्पर्धा के लिए भारतीय आर्टिस्टिक जिमनास्टिक टीम को सबडिवीजन-2 में रखा गया है।

भारत की ओर से तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास और योगेश्वर सिंह अब भारतीय समयानुसार शाम 5:00 बजे से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

आर्टिस्टिक जिमनास्टिक में आज से भारत के अभियान की शुरुआत

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का आर्टिस्टिक जिमनास्टिक अभियान आज दोपहर 2:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा।

 

भारत की ओर से तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास और योगेश्वर सिंह पुरुष टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेंगे।

पुतुल सोनोवाल और लवलीना बोरगोहेन ने भारत को दिलाई शानदार शुरुआत

भारत ने गुरुवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए लॉन बाउल्स में दो जीत दर्ज कीं।

दिन का सबसे बड़ा उलटफेर कॉमनवेल्थ गेम्स में डेब्यू कर रहे पुतुल सोनोवाल ने किया। उन्होंने पुरुष एकल सेक्शन D मुकाबले में मौजूदा विश्व चैंपियन कनाडा के रयान बेस्टर को हराकर बड़ी जीत हासिल की।

इस जीत के साथ पुतुल सोनोवाल ने अपने ग्रुप में मजबूत स्थिति बना ली है। सेक्शन D से केवल ग्रुप विजेता ही सेमीफाइनल में पहुंचेगा। अब वह आज अपने अगले मुकाबले में फॉकलैंड द्वीपसमूह के सेसिल अलेक्जेंडर का सामना करेंगे और जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।

भारत को दूसरी सफलता महिला पेयर्स लॉन बाउल्स में मिली, जहां पिंकी सिंह और रूपा रानी तिर्की की जोड़ी ने अपने अभियान का आगाज जीत के साथ किया।

वहीं, भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने बिना मुकाबला खेले ही भारत का पहला पदक पक्का कर दिया। उन्हें महिला 75 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल में बाई मिलने से सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला है।

कॉमनवेल्थ गेम्स की मुक्केबाजी स्पर्धा में प्रत्येक भार वर्ग में दो कांस्य पदक दिए जाते हैं। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने वाला हर मुक्केबाज कम से कम कांस्य पदक का हकदार होता है, भले ही वह सेमीफाइनल हार जाए।

लवलीना को यह बाई महिला 75 किग्रा वर्ग में खिलाड़ियों की कम संख्या के कारण मिला है, जिससे उनका कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का पहला पदक पहले ही सुनिश्चित हो गया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे