किसानों की समस्याओं को लेकर आज गुरूवार को ग्वालियर-चंबल अंचल समेत अन्य इलाकों में कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। ग्वालियर, मुरैना और शिवपुरी समेत प्रदेश के सात जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला।
आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर कांग्रेस नेताओं ने समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में किसानों को आ रही दिक्कतों और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहित जमीनों का चार गुना मुआवजा देने की मांग उठाई।
मुरैना जिले के बानमोर थाना क्षेत्र स्थित निरावली तिराहा पर सुबह 11 बजे से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जुटने लगे। शुरुआत में प्रदर्शन सांकेतिक रहा, लेकिन देखते ही देखते भीड़ बढ़ गई और कार्यकर्ता हाईवे की दोनों लेन पर बैठ गए। इसके चलते ग्वालियर, भिंड और मुरैना की ओर आने-जाने वाला यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी की। आंदोलन में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, विधायक साहब सिंह गुर्जर, सुरेंद्र यादव, प्रभुदयाल जौहरे, प्रवीण पाठक और क्षेत्र के कई नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। करीब ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद दोपहर एक बजे के बाद 200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।
इधर, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने साफ कहा कि हाईवे जाम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मौके पर 250 से अधिक पुलिसकर्मी और रिजर्व फोर्स तैनात रही।
गुना किसानों की समस्याओं, खासकर समर्थन मूल्य पर खरीदी व खाद की परेशानी को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को हाईवे बायपास बिलोनिया चक पर चक्काजाम किया जा रहा है। हाईवे पर सुबह 11 बजे से जाम के चलते ट्रकों की लंबी कतार लग गई है। कई वाहन फंसे हुए हैं। दो पहिया वाहन चालक मुश्किल से निकल पा रहे हैं। हालांकि, एंबुलेंस को निकलने दिया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री द्वय ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिवराज सिंह चौहान हाय-हाय की नारेबाजी की गई है। प्रदर्शन में अशोकनगर प्रभारी लक्ष्मी यादव भी मौजूद है। किसान और जिलेभर के कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद हैं। इधर, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल तैनात है।
उधर शिवपुरी में भी कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों को लेकर एबी रोड स्थित पड़ौरा पटेल चौक पर चक्काजाम किया। जिला अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, लाखन सिंह यादव और फूलसिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी और सोनिया गांधी के समर्थन में नारे लगाए। यहां भी हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी में हो रही देरी और किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को शाजापुर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रोजवास टोल प्लाजा पर जोरदार चक्का जाम आंदोलन किया गया। आंदोलन के चलते आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह थम गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यह आंदोलन तराना विधायक महेश परमार के नेतृत्व में हुआ, जिसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। आंदोलन में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष नरवेश्वर प्रताप सिंह सहित शाजापुर, उज्जैन और देवास जिलों के बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी है। किसानों को कई-कई दिनों तक केंद्रों पर इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं तौल, बारदाना और भुगतान जैसी समस्याओं से किसान जूझ रहे हैं। नेताओं ने सरकार को किसान विरोधी बताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा।
इस बीच चक्का जाम के दौरान सियासी तस्वीर उस वक्त बदलती नजर आई, जब शाजापुर भाजपा विधायक अरुण भीमावद रोजवास टोल प्लाजा पर पहुंचे। जाम में फंसे यात्रियों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने खुद मोर्चा संभाला और लोगों को पानी पिलाकर राहत देने का प्रयास किया। इस घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया और सियासत भी गरमा गई।
आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शाजापुर सहित आसपास के कई थानों से भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से चलता रहा, हालांकि लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा, वहीं भाजपा विधायक की सक्रियता ने इस पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।



