राजधानी भोपाल की सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि एक महीने में सभी ब्लैक स्पॉट के शार्ट टर्म कार्य पूरे किए जाएंगे। बैठक में कई निर्णय लिए गए।
इधर, कई इलाकों में शाम को अतिक्रमण हटाने की बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। पुलिस की मौजूदगी में निगम अमले ने सख्ती की।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। जिसमें सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस एवं समयबद्ध प्लानिंग पर चर्चा की गई। निर्देश दिए कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट का संयुक्त टीम निरीक्षण करेगी। इसके बाद सुधार कार्य के लिए रिपोर्ट देगी।
कलेक्टर मिश्रा ने शॉर्ट टर्म कार्य- जैसे रोड मार्किंग, साइनेज, स्पीड ब्रेकर, जेब्रा क्रॉसिंग पेंटिंग, स्पीड कंट्रोलर एवं दृश्यता बढ़ाने के उपाय एक माह के भीतर पूरे करने की बात कहीं। ताकि, दुर्घटनाओं में तत्काल कमी लाई जा सके।
कलेक्टर ने नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा समिति की संयुक्त टीम नियमित मैदानी निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट देगी। सभी ब्लैक स्पॉट पर शॉर्ट टर्म कार्य एक माह में अनिवार्य रूप से पूरे हों।
बैठक में प्रधानमंत्री राहत राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना के’गोल्डन ऑवर’ (पहले एक घंटे) में घायलों को निशुल्क एवं त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग संवेदनशील एवं सक्रिय भूमिका निभाएं।
इसके अलावा स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के माध्यम से बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग करने जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर मोनिका शुक्ला, एसपी देहात पंकज कुमार पांडेय, एडीएम प्रकाश नायक भी मौजूद थे।
बैठक के बाद शाम को पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
सांयकालीन अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान ने बताया कि एसीपी विजय दुबे समेत सभी अतिक्रमण अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। इस दौरान कई काउंटर भी जब्त किए गए। वहीं, रास्तों से व्यवस्थित किया गया।



