फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को 4 अगस्त को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया, जिससे विमान के भीतर बैठे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि विमान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री व क्रू सुरक्षित बाहर निकल गए।
कुछ यात्रियों और चालक दल को लगी मामूली चोटें
एयर इंडिया के अनुसार, इस घटना में किसी भी यात्री या चालक दल के सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि कुछ यात्रियों और क्रू को मामूली चोटें लगी हैं, जिनके लिए चिकित्सा जांच आवश्यक समझी गई। एहतियात के तौर पर उन्हें एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सेंटर में ले जाकर जांच और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
फ्लाइट में मौजूद एक यात्री के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान अचानक तेजी से नीचे आया, जिससे कई यात्रियों के सिर विमान की सीलिंग से टकरा गए। कुछ लोगों के सिर पर सूजन भी आ गई। यात्री ने बताया कि फ्लाइट पूरी तरह भरी हुई थी और अचानक आए टर्बुलेंस से सभी घबरा गए।
एयर इंडिया ने जारी किया आधिकारिक बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित यात्रियों और क्रू को हर संभव सहायता दी जा रही है। एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की टीम और चिकित्सा कर्मियों ने सभी जरूरी इंतजाम किए। कंपनी ने यह भी कहा कि घटना की जांच के दौरान वह संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग करेगी।



