24.1 C
Bhopal

मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर लगा बैन

प्रमुख खबरे

मध्य प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को सीएम आवास पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने प्रदेश में एनालॉग पनीर के उत्पादन, बिक्री और इस्तेमाल पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।

यहां पर यह बता दें कि गुजरात, महाराष्ट्र व छत्तीसगढ़ में पहले ही एनलॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि कहा कि दूसरे राज्यों की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। सरकार का जोर प्राकृतिक तरीके से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और उसी से गुणवत्तापूर्ण पनीर तैयार करने पर रहेगा।

दूध के विकल्प के तौर पर तैयार होता है एनालॉग पनीर

एनालॉग पनीर को आमतौर पर पारंपरिक दूध से बने पनीर के विकल्प के रूप में तैयार किया जाता है। इसमें दूध की जगह या दूध के साथ वनस्पति वसा, स्टार्च और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी कीमत सामान्य पनीर की तुलना में कम होने के कारण बाजार में इसकी मांग बढ़ी है।

सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को ऐसे उत्पादों की पहचान, निगरानी और बिक्री पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

गुजरात में टास्क फोर्स, दूसरे राज्यों में भी कार्रवाई

महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और गुजरात में पहले ही एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जा चुकी है। प्रतिबंध के बाद इन राज्यों में संदिग्ध उत्पादों की जब्ती और जांच की जा रही है। गुजरात सरकार ने आगे की कार्रवाई और रणनीति के लिए टास्क फोर्स का गठन भी किया है।

मध्य प्रदेश के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भी दूसरे राज्यों में लगाए गए प्रतिबंध और उसके कारणों का अध्ययन किया है। यहां पर यह बता दें कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत खाद्य सुरक्षा आयुक्त को खाद्य उत्पादों के संबंध में आवश्यक नियामक कार्रवाई करने का अधिकार है।

ऐसे करें एनालॉग पनीर की पहचान

घर पर केवल देखकर एनालॉग पनीर की पक्की पहचान करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि कुछ सामान्य संकेतों से अंतर का अंदाजा लगाया जा सकता है

स्वाद: असली पनीर में दूध जैसा प्राकृतिक स्वाद होता है, जबकि एनालॉग पनीर का स्वाद कुछ कसैला या अलग महसूस हो सकता है।

बनावट: एनालॉग पनीर गर्म करने या खींचने पर रबर जैसा व्यवहार कर सकता है।

गर्म करने पर बदलाव: तापमान बढ़ने पर इसके रंग और बनावट में असामान्य बदलाव दिखाई दे सकते हैं।

लैब जांच सबसे भरोसेमंद: पनीर असली है या एनालॉग, इसकी सटीक पुष्टि प्रयोगशाला जांच से ही की जा सकती है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे