24.1 C
Bhopal

मप्र में बारिश का रौद्र रूप ज्यादातर जिले जलमग्न

प्रमुख खबरे

मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है। 24 घंटे में प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में तेज बारिश हुई। बड़वानी में टोरी नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। शाजापुर में उफनते नाले को पार करते समय युवक बह गया, जबकि शहडोल में कई गांवों का संपर्क टूट गया। तेज बारिश की वजह से भोपाल, रायसेन, गुना और खंडवा में स्कूल बंद हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, इंदौर-उज्जैन संभाग के 5 जिलों रतलाम, झाबुआ, धार, बड़वानी और इंदौर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। अगले 24 घंटे में यहां 4 इंच या इससे ज्यादा पानी गिर सकता है। इंदौर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा।

इसके अलावा सीहोर, शाजापुर, नर्मदापुरम, रायसेन, बैतूल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, जबलपुर, रीवा, सागर, टीकमगढ़, विदिशा, देवास और आगर-मालवा समेत कई जिलों में बारिश हुई।

खरगोन में सबसे ज्यादा 8.1 इंच बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में खरगोन में सबसे ज्यादा 8.1 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। खंडवा में 5.5 इंच और गुना में 4.6 इंच पानी गिरा। भोपाल में 70.6 मिमी यानी, 2.8 इंच बारिश हुई। इसमें से ज्यादातर बारिश मंगलवार शाम 7.30 से रात 9 बजे के बीच हुई।

इसी तरह धार में 1 इंच, राजगढ़ में 0.9, शिवपुरी में 0.8, दतिया और उज्जैन में 0.7-0.7 इंच बारिश हुई। सीधी और इंदौर में 0.6-0.6 इंच पानी गिरा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवात सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास नया लो-प्रेशर एरिया बनेगा। ऐसे में आगामी 4 दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

बड़वानी (सेंधवा): टोरी नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने के कारण महाराष्ट्र (शिरपुर) जाने वाला रास्ता घंटों प्रभावित रहा।

शाजापुर (अकोदिया): मुरादपुर पथरिया में उफनते नाले को पार करते समय दूध लेकर लौट रहा एक युवक तेज बहाव में बह गया। ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए नाले में छलांग लगाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

शहडोल (बुढार): घोघरी नदी पर पुल न होने से कई गांवों का संपर्क कट गया है। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ रही है।

आगे कैसा रहेगा मौसम?

इंदौर के पास बने लो-प्रेशर एरिया और ट्रफ के कारण बुधवार को भी बारिश जारी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवात सक्रिय हुआ है, जिसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास नया लो-प्रेशर एरिया बनेगा। ऐसे में आगामी 4 दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

जिले में भारी बारिश के चलते अपरवेदा बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। बुधवार सुबह एक मीटर तक इसका तीसरा गेट खोलना पड़ा। दो गेट पहले से 2-2 मीटर खुले हैं।

खरगोन में घोटिया पुलिया पर बाढ़ का पानी, नेशनल हाईवे बंद

खरगोन के पहाड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण खंडवा-बड़ोदरा नेशनल हाईवे पर ऊन थाना क्षेत्र की घोटिया पुलिया जलमग्न हो गई। पुलिया पर बाढ़ का पानी आने से दोपहर करीब 4 बजे से यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए पानी उतरने तक वाहनों की आवाजाही रोक दी है। हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।

भोपाल में एसडीएम से मिले कांग्रेस नेता, सर्वे और मुआवजे की मांग की

भोपाल में लगातार बारिश के चलते बाणगंगा, राजीव नगर, नया बसेरा समेत कई बस्तियों में पानी भर गया। गृहस्थी का सामान भीग गया, इससे स्थानीय लोगों का काफी नुकसान हुआ है। बुधवार को पूर्व मंत्री पीसी शर्मा और दूसरे कांग्रेस नेता एसडीएम अर्चना शर्मा से मिले। उन्होंने आवेदन देकर मांग की कि प्रभावित इलाकों का तुरंत सर्वे कराया जाए और प्रभावितों को दो-दो लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए।

सेंधवा : अरुणावती नदी का जलस्तर बढ़ा, पुलिया पर आवागमन बंद

बड़वानी जिले के सेंधवा के वरला तहसील क्षेत्र में दो दिन से बारिश हो रही है। सतपुड़ा के पहाड़ी अंचल में बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। बलवाड़ी की अरुणावती नदी में पानी पुलिया को छूकर बह रहा है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिया से आवागमन बंद कर दिया गया है।

तीन दिन की बारिश में छलनी हुईं भोपाल की सड़कें

भोपाल में तीन दिन की बारिश ने सड़कों की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। अटल पथ, लिंक रोड-2, एमपी नगर, न्यू मार्केट, रोशनपुरा समेत कई इलाकों में डामर उखड़ने और गड्ढे होने लगे हैं। कॉलोनियों की अंदरूनी सड़कें भी खस्ताहाल हैं। करीब 154 करोड़ रुपए की लागत से बने डॉ. अंबेडकर फ्लाईओवर की सड़क से भी सरिए झांकने लगे हैं। अशोका गार्डन, कैलाश नगर, सेमरा, अयोध्या बायपास और ऐशबाग समेत कई क्षेत्रों में सड़कें जर्जर हैं। कांग्रेस ने सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

खरगोन : अपरवेदा बांध का जलस्तर 316 मीटर, 600 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज

खरगोन के अपरवेदा बांध का जलस्तर फिलहाल 316 मीटर है। बांध में क्षमता से एक मीटर खाली है। सुरक्षा के लिए 600 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। लगातार बारिश के चलते जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। निचले क्षेत्र के गांवों में निगरानी जारी है।

सेंधवा में 3.59 इंच बारिश, टोरी नदी का जलस्तर बढ़ा

बड़वानी जिले के सेंधवा में 24 घंटे में 3.59 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके चलते नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। वरला तहसील मुख्यालय से महाराष्ट्र के शिरपुर जाने वाले मार्ग पर टोरी नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। इसके चलते करीब दो घंटे तक मार्ग बंद रहा। फिलहाल, पानी पुल की सतह को छूकर बह रहा है। रातभर से क्षेत्र में रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर जारी है। नदी-नालों का जल स्तर बढ़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

खरगोन : 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश, अपरवेदा बांध का तीसरा गेट खोला

खरगोन जिले में 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। गोगावां में सबसे ज्यादा 8.7 इंच बारिश हुई। तेज बारिश के चलते अपरवेदा बांध का तीसरा गेट बुधवार सुबह एक मीटर खोलना पड़ा। दो गेट पहले से 2-2 मीटर खुले हैं। बांध से करीब 600 क्यूमेक्स पानी डिस्चार्ज हो रहा है। 317 मीटर क्षमता वाले बांध का जलस्तर 315.800 मीटर पहुंच गया है। वेदा नदी के निचले क्षेत्र के 24 गांवों में अलर्ट जारी कर निगरानी की जा रही है। जिले में रातभर बारिश हुई। फिलहाल स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं की गई है।

सीहोर : भैरूंदा में 1.61 इंच पानी गिरा

सीहोर जिले में बुधवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में भैरूंदा में सबसे ज्यादा 1.61 इंच बारिश दर्ज की गई। सीहोर शहर में करीब 1 इंच पानी बरसा। बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है, वहीं कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन रही है। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी रुक-रुककर बारिश होने की जानकारी है।

शिवपुरी में सीजन में पहली बार बहा पवा झरना

शिवपुरी तहसील के पश्चिमी क्षेत्र में तेज बारिश के बाद पवा झरना सीजन में पहली बार पूरे सैलाब के साथ बह निकला। बेधारी, सालौदा, ख्यावदा और तिमानी गांवों में हुई बारिश का पानी तेज बहाव के साथ पवा झरने तक पहुंचा। इसके बाद करीब 100 फीट की ऊंचाई से पानी गिरने लगा। झरने के बहने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचने लगे। पवा झरना कोलारस और पोहरी तहसील के बीच स्थित है। बारिश के बाद झरने का मनोरम नजारा देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंच रहे हैं।

शहडोल के बुढार जनपद में टेंघा-छिनमार मार्ग पर सड़क तो बना दी गई, लेकिन घोघरी नदी पर पुल नहीं बनाया गया। बारिश में नदी उफनने से छिनमार, गोड़ीनबुढ़ा और नागिन समेत कई गांवों का संपर्क टेंघा से कट जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को होती है। बच्चों ने कहा- साहब, पुल बनवा दो, हमें डर लगता है।

ग्रामीणों के मुताबिक मरीजों को चारपाई पर नदी तक लाना पड़ता है, क्योंकि एंबुलेंस दूसरी ओर खड़ी रहती है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से पुल की मांग के बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ। विधायक-सांसद से मांग और मतदान बहिष्कार के बाद भी समस्या कायम है।

अकोदिया : उफनते नाले में बहा युवक, ग्रामीणों ने बचाई जान; पुल की मांग अब भी अधूरी

शाजापुर जिले के अकोदिया के ग्राम मुरादपुर पथरिया में बारिश के बाद उफने नाले को पार करते समय हरिओम गुर्जर नाम का युवक तेज बहाव में बह गया। वह नाले के दूसरी ओर जंगल में बने मकान से दूध लेकर गांव लौट रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पानी में गिर गया और बहने लगा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीणों ने तत्काल नाले में छलांग लगाकर घेराबंदी की और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों के मुताबिक हरिओम को तैरना भी नहीं आता था। गांव की 80% से अधिक जमीन नाले के दूसरी ओर है। वर्षों से पुल की मांग के बावजूद समस्या बनी हुई है।

राजगढ़ : खिलचीपुर में फिर तेज बारिश, इमली स्टैंड की दुकानों में डेढ़ फीट पानी

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में मंगलवार रात तेज बारिश से शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया। रात 8 बजे शुरू हुई बारिश करीब साढ़े 12 बजे तक जारी रही। इमली स्टैंड और क्षीरसागर के बाहर बनी दुकानों में डेढ़ फीट तक पानी भर गया। दुकानों के सामने खड़ी कारों के पहिए भी पानी में आधे डूब गए। सिटी पोर्शन रोड पर डेढ़ से दो फीट तक पानी जमा रहा। गाड़गंगा नदी के पास बगीची की दीवार भी गिर गई। सोमवार को भी तेज बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालात बने थे। लगातार दूसरी रात हुई बारिश से लोगों की चिंता बढ़ गई।

खंडवा : 24 घंटे में साढ़े 5 इंच बारिश, आज स्कूलों की छुट्टी घोषित

खंडवा में 24 घंटे में साढ़े 5 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके चलते प्रशासन ने आज स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे