लखनऊ की 2 मंजिला इमारत में आग लगने की घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार सुबह 11 बजे हादसे की जांच के लिए SIT और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची।
टीम ने इमारत की जांच की। SIT में IPS प्रवीण कुमार और IAS अमृत अभिजात शामिल हैं। SIT यहां से बैगों में भरकर सबूत ले गई।
शवों का 7 घंटे तक पोस्टमॉर्टम चला। शव घरवालों को सौंप दिए गए। पश्चिम बंगाल की अनामिका (30) का शव देखकर पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची मां बेहोश हो गईं।
जांच में पता चला है कि जिस इमारत में आग लगी, वह अवैध थी। 2016 में गिराने का आदेश हुआ था। बाद में आदेश निरस्त कर दिया गया था। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया- बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा गया है। बिल्डिंग पर बुलडोजर चलेगा।
बिल्डिंग रामेश्वरम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला की है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर वीरेंद्र समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। LDA के 6 अफसर सस्पेंड कर दिए गए हैं। 14 अफसरों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
केजीएमयू में अखिलेश ने कहा- 10 साल से हर घटना में SIT बनती है। लगता है कोई सरकार है ही नहीं। अगर सरकार है तो नियमों का पालन क्यों नहीं करती? इस सरकार में जो एनओसी मिलीं, वो कौन लोग हैं जो अपनी जेब भर रहे थे। इस सरकार में भ्रष्टाचार मानकों पर हावी हो गया है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। जो भ्रष्टाचार से सरकार बनी है, वह भ्रष्टाचार ही करेगी।
अखिलेश ने कहा- होटल लेवाना में जब आग लगी थी, मुख्यमंत्री ने कहा था 24 घंटे में बुलडोजर चल जाएगा। लेकिन, क्या उस बिल्डिंग पर बुलडोजर चला? यहां गरीबों को उजाड़ने के लिए किसने आग लगा दी थी? इस सरकार में अहंकार भरा हुआ है। इन्होंने अकबरनगर के लोगों को किस तरह से बुलडोजर चलाकर हटा दिया था। अब बुलडोजर किसका इंतजार कर रहा है?
अयोध्या में डीएम ने आकाश कोचिंग का किया निरीक्षण
अयोध्या डीएम शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और मुख्य अग्निशमन अधिकारी एमपी सिंह ने जिले के कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। CCTV, इमरजेंसी अलार्म और अग्नि सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इस दौरान तीनों अफसर आकाश कोचिंग भी पहुंचे और यहां के मानकों की जांच की।
KGMU पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- 1 करोड़ मुआवजा मिले
सपा प्रमुख अखिलेश यादव केजीएमयू पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। परिवार को अपने बेटे को खोने का दुख सबसे बड़ा दुख होता है। अगर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता, तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। सुरक्षा नियमों का पालन नहीं होने से कितने लोगों की जान चली गई। अहंकार की वजह से कुछ लोग किसी की सुनना नहीं चाहते। सच्चाई यह है जो परिवार वाले लोग होते हैं, वह अपनों को खोने का दुख समझते हैं। परिवार के लोगों की मदद होनी चाहिए। जिस जवान से मैं मिलकर आया हूं, यह वही है जो खिड़की से नीचे कूद गया था। उसको बहुत चोट आई है। परिवार के लोगों ने बताया कि उसकी मां नहीं है और इलाज बहुत लंबा चलेगा। वह अपने घर का अकेला कमाने वाला सदस्य है।
अगर सरकार मदद नहीं करेगी, तो कौन करेगा? सरकार की जिम्मेदारी बनती है, पूरी मदद करे। मेरी मांग है, जो 50 हजार की नौकरी करता था, जब तक वह स्वस्थ नहीं होता उसे वेतन सरकार दे और इलाज का पूरा इंतजाम सरकार करे।
जो मरने वाले बच्चे हैं, उनकी सरकार को बड़ी मदद करनी चाहिए। सरकार को एक करोड़ की मदद करनी चाहिए।
गोरखपुर में कोचिंग बंद कर भागे संचालक
लखनऊ के कोचिंग अग्निकांड के बाद गोरखपुर में प्रशासन, अग्निशमन विभाग और गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मंगलवार को कोचिंग संस्थानों का सघन निरीक्षण शुरू किया। जांच की जानकारी मिलते ही कई कोचिंग संचालकों ने अपने संस्थानों पर ताला लगा दिया।
कई कोचिंग संस्थानों ने सुबह छात्रों को क्लास संचालित होने का संदेश भेजा था, लेकिन दोपहर में दूसरा संदेश भेजकर क्लास रद्द कर दी। इसके बावजूद कई छात्र तय समय पर कोचिंग पहुंच गए, जहां ताला बंद मिलने पर उन्हें वापस लौटना पड़ा।
कमिश्नर अनिल ढींगरा, डीएम दीपक मीणा और जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के निर्देश पर सुबह से ही जांच अभियान शुरू किया गया। जांच की सूचना फैलते ही हरिओम नगर क्षेत्र की 12 से अधिक कोचिंग संस्थाएं दोपहर तक बंद हो गईं। इस क्षेत्र में टीईटी, जेईई और नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है।
बिल्डिंग पर एलडीए टीम ने नोटिस लगाया
लखनऊ अग्निकांड की जांच करने एलडीए की टीम मंगलवार को मौके पर अलीगंज पहुंची। टीम में चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह, चीफ टाउन प्लानर केके गौतम, जोनल अधिकारी रवि ननद और अधिशासी अभियंता मनोज सागर शामिल रहे। यहां अफसरों ने जांच की। फिर बिल्डिंग की दीवार पर नोटिस चस्पा किया।
अखिलेश बोले- भ्रष्टाचार से बनी सरकार ही भ्रष्टाचार कर रही
लखनऊ आग की घटना पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- कल जो घटना हुई, वो दुखद है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की जान चली गई। सच्चाई यह है कि भ्रष्टाचार सभी मानकों के ऊपर है। भ्रष्टाचार से बनी सरकार ही भ्रष्टाचार कर रही है। उसी का परिणाम है कि जानें चली गईं। लखनऊ में कोई पहली बार जान नहीं गई हैं। जहां गरीब रहते थे, वहां आग लगाई गई? NOC देने वाले लोग भ्रष्टाचार करके NOC क्यों दे रहे हैं?
लखनऊ अग्निकांड मामला मानवाधिकार आयोग पहुंचा
सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मीकांत सिंह ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कर लखनऊ के पीड़ितों को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, एलडीए वीसी समेत अन्य दोषियों पर एफआईआर दर्ज किए जाने की भी मांग की है।
वाराणसी में बिना नक्शा पास बिल्डिंग में चल रही थी एलेन कोचिंग
वाराणसी में एलेन कोचिंग को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई वीडीए टीम ने की है। टीम का कहना है कि यह इमारत मानक के अनुसार तैयार नहीं हुई है। साथ ही इसका नक्शा भी नहीं पास कराया गया है।
मथुरा में आकाश इंस्टीट्यूट सील
मथुरा में आकाश इंस्टीट्यूट की जांच करने टीम पहुंची। यहां 600 बच्चे नीट और जेईई की तैयारी करने आते हैं। कोचिंग के क्लास रूम में प्लाई बोर्ड से पार्टीशन किया गया है। साथ ही फायर बॉक्स भी खाली मिले।
यहां भी बिल्डिंग में आपात स्थिति में बच्चों के निकलने के लिए सही रास्ता नहीं मिला। एंट्री के लिए लोहे की सीढ़ी है। फायर एग्जिट का रास्ता भी बंद मिला।
लखनऊ से बैगों में सबूत लेकर रवाना हुई SIT
लखनऊ के अलीगंज इलाके की एक बिल्डिंग में सोमवार को भीषण आग लग गई थी। इसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी। मंगलवार को जांच के लिए पहुंची SIT और पुलिस अफसर वहां से सबूत इकट्ठे किए और बैग में भरकर ले गए।



