मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट पर घमासान के संकेत तेज हो गए हैं। शनिवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायकों से सोमवार तक भोपाल में रुकने को कहा।
मुख्य सचेतक की ओर से भी विधायकों को तैयार रहने के संदेश भेजे गए हैं। इसके बाद माना जा रहा है कि भाजपा कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ तीसरा प्रत्याशी उतार सकती है।
इस संभावित सियासी ऑपरेशन की कमान सीएम डॉ. मोहन यादव और खंडेलवाल संभालेंगे। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल और दोनों उपमुख्यमंत्री भी अहम भूमिका में रहेंगे। बैठक में प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह व क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल भी थे।
इधर, शनिवार को ही कांग्रेस विधायक दल की भी बैठक हुई। इसमें मौजूद 59 विधायकों ने हाथ उठाकर राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का समर्थन किया।
बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें मीनाक्षी को हर हाल में जिताने की बात कही गई।
बैठक में मीनाक्षी के नामांकन के लिए 10 विधायक प्रस्तावक बने। पूर्व सीएम कमलनाथ दिल्ली से ऑनलाइन जुड़े।
तीसरी सीट का गणित
कोर्ट के आदेश पर कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा वोट नहीं डाल सकेंगे। निर्मला सप्रे भाजपा के पक्ष में हैं।
कांग्रेस : कुल 62 विधायक वोट डालेंगे। जीत को 58 चाहिए।
भाजपा : दो सीटों के लिए 116 वोट चाहिए, फिर 48 बचेंगे। निर्मला व भारत आदिवासी पार्टी के एक विधायक के समर्थन के बाद भी 50 वोट होंगे, 8 कम।



