भोपाल के हमीदिया रोड स्थित ऑटो हाउस गैस एजेंसी पर बुधवार को ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। इन्हें पिछले 8 दिन से सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की गई थी। 3 बार बुकिंग कराने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने पर उनका गुस्सा फूट पड़ा। खाद्य विभाग से भी शिकायत की गई है।
ऑटो हाउस गैस एजेंसी पर करीब 12 हजार कनेक्शन हैं। पिछले 8 दिन से बुकिंग तो हो रही है, लेकिन सिलेंडर डिलीवरी नहीं हो रहे। इसके चलते उपभोक्ता सुबह से शाम तक सिलेंडर के लिए भटक रहे हैं। बुधवार को उनकी नाराजगी बढ़ गई।
मार्च में बुकिंग, पर अब तक नहीं मिला
थोक किराना कारोबारी विवेक साहू बुधवार को सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पर पहुंचे थे, लेकिन उन्हें यहां कर्मचारियों ने सिलेंडर देने इनकार कर दिया। विवेक जैसे ही कई और ग्राहक थे, जो सिलेंडर के लिए परेशान होते नजर आए।
ग्राहक साहू ने बताया कि उन्होंने मार्च में बुकिंग की थी, जिसकी आज तक डिलीवरी नहीं की गई। पहली बुकिंग में पता चला कि सिलेंडर किसी और को दे दिया गया।
जानकारी लेने के बाद दोबारा बुकिंग की, लेकिन सात दिन में सिलेंडर नहीं पहुंचा। यह बुकिंग भी कैंसिल हो गई। 30 मई को चौथी बार बुकिंग की, जिसकी डिलीवरी बुधवार तक नहीं हुई। इससे नाराजगी जताई है।
8 दिन से बुकिंग पेंडिंग
फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि ऑटो हाउस गैस एजेंसी के बारे में शिकायत मिली है। यहां पर 8 दिन से सिलेंडर की बुकिंग पेंडिंग बताई जा रही है। 1200 से 2 हजार ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिले हैं। आगे की कार्रवाई कर रहे हैं।
इधर, भोपाल में 11 परिसरों में पकड़ी गई बिजली चोरी
बिजली कंपनी के चांदबढ़ जोन में बिजली चोरी की शिकायतों एवं स्मार्ट मीटरों से प्राप्त संकेतों के आधार पर विशेष जांच अभियान में कार्रवाई की। विजिलेंस ऐप में दर्ज मामलों के आधार पर 11 परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी गई।
जांच में कुल 11 परिसरों में विद्युत पोल से सीधे तार जोड़कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए विद्युत चोरी पाई गई। सभी मामलों में नियमानुसार पंचनामा तैयार कर विद्युत अधिनियम 2003 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कंपनी ने बताया कि स्मार्ट मीटर एवं डिजिटल निगरानी प्रणालियों के माध्यम से विद्युत चोरी पर लगातार नजर रखी जा रही है। बिजली चोरी की रोकथाम एवं राजस्व संरक्षण के लिए ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।



