32.1 C
Bhopal

शिक्षक भर्ती वर्ग-2-3 में पद बढ़ाने  की मांग के साथ अभ्यर्थी फिर सड़कों पर

प्रमुख खबरे

शिक्षक भर्ती परीक्षा 2025 पास कर चुके अभ्यर्थियों का आंदोलन शनिवार को भी जारी रहा। पद वृद्धि और शीघ्र ज्वाइनिंग की मांग को लेकर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी राजधानी भोपाल पहुंचे और लोक शिक्षण संचालनालय के बाहर प्रदर्शन किया।

अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पद बढ़ाने और लंबित नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग उठाई।

दोपहर की भीषण गर्मी में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों में से एक युवती की तबीयत अचानक खराब हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन युवती ने अस्पताल जाने से इंकार कर दिया। खराब स्वास्थ्य के बावजूद वह आंदोलन स्थल पर डटी रही और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाती रही। इसके बाद साथी अभ्यर्थियों ने उसे एनर्जी ड्रिंक और दवाइयां देकर संभाला। कुछ देर बाद उसकी हालत सामान्य हुई। इस घटना के बाद भी अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभ्यर्थियों को परिसर खाली करने की चेतावनी दी, जिसके बाद कुछ समय के लिए मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे प्रदेशभर से न्याय की उम्मीद लेकर भोपाल पहुंचे हैं और सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में बहुत कम पद घोषित किए गए हैं, जिससे बड़ी संख्या में पात्र और परीक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवार चयन से बाहर हो रहे हैं। उनका कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है, लेकिन इसके बावजूद पर्याप्त पदों पर भर्ती नहीं निकाली जा रही।

उन्होंने बताया कि नवंबर 2025 से अब तक कई बार भोपाल में प्रदर्शन किए जा चुके हैं। इस दौरान अभ्यर्थियों ने भूख हड़ताल, मुंडन प्रदर्शन और मार्कशीट दहन जैसे विरोध कार्यक्रम भी किए। यहां तक कि मुख्यमंत्री के नाम खून से आवेदन पत्र लिखकर भी अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की गई।

प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। यदि रिक्त पदों पर भर्ती बढ़ाई जाती है तो शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और हजारों युवाओं को रोजगार मिल सकेगा।

अभ्यर्थियों ने सरकार से माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-2 में खेल, संगीत, नृत्य, गायन और वादन सहित विभिन्न विषयों में पद बढ़ाकर कुल कम से कम 10 हजार पद करने की मांग की है। साथ ही दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द शुरू करने की भी मांग उठाई गई। वहीं वर्ग-3 भर्ती में पद संख्या बढ़ाकर 25 हजार करने और दूसरी काउंसलिंग शीघ्र शुरू करने की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शामिल विशेष शिक्षक पदों के लिए अलग भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी अभ्यर्थियों ने सरकार के सामने रखी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती तो आने वाले दिनों में आंदोलन और बड़ा किया जाएगा। उनका कहना है कि यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था सुधारने की भी है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे