इस बार विधानसभा चुनाव में बंगाल से महा जंगलराज की विदाई तय है। वह दो दिनों से बंगाल में हैं और जिस तरह भाजपा की रैली में लोगों की भीड़ उमड़ रही है और आम जनता का समर्थन मिल रहा है, इससे साफ है तृणमूल कांग्रेस की निर्मम सरकार नहीं रहेगी। यह बातें देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कही।
रविवार को वह दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कावाखाली मैदान में आयोजित इएस जनसभा में अपने भाषण की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्ला और नेपाली भाषा से की। उसके बाद वह हिंदी में जनसभा को संबोधित करने लगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले 15 साल से बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। इस सरकार ने बंगाल को बर्बाद करने के अलावा कोई काम नहीं किया। इन लोगों ने सिर्फ काले कारनामे किए। उन्होंने राज्य की तृणमूल सरकार पर उत्तर बंगाल की उपेक्षा का भी आरोप लगाया।
उत्तर बंगाल के लिए पर्याप्त फंड नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल सरकार उत्तर बंगाल के विकास के लिए पर्याप्त बजट आवंटित नहीं करती। उत्तर बंगाल की पूरी उपेक्षा की गई है। मदरसा के लिए तो बंगाल सरकार 600 करोड रुपए का बजट आवंटित करती है, लेकिन उत्तर बंगाल के विकास के लिए उनके पास पर्याप्त फंड नहीं है।
तृणमूल कांग्रेस सरकार अपने वोट बैंक के तुष्टिकरण के अलावा और कोई काम नहीं करती। केंद्र सरकार यहां के विकास के लिए जो पैसे भेजती है, वह भी सिंडिकेट राज वाले हड़प जाते हैं।



