भारत में तेजी से बढ़ते ई कॉमर्स और डिजिटल लॉजिस्टिक्स के बीच डिलीवरी सेवाओं में सुधार की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी दिशा में भारत सरकार के डाक विभाग ने एक बड़ा कदम उठाते हुए नई स्पीड पोस्ट सेवाओं की शुरुआत की है, जिससे ग्राहकों को तय समय में पार्सल डिलीवरी का भरोसा मिलेगा।
नई सेवाओं का शुभारंभ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया और संचार राज्य मंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी ने नई दिल्ली में किया। यह पहल भारत पोस्ट को एक्सप्रेस डिलीवरी सेगमेंट में मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
एक दिन में होगी गारंटीड डिलीवरी
डाक विभाग (Department of Posts) द्वारा शुरू की गई ‘24 स्पीड पोस्ट’ सर्विस इस लॉन्च की सबसे खास पेशकश है। यह सेवा खास तौर पर उन पार्सल्स के लिए बनाई गई है जिन्हें तुरंत डिलीवर करना जरूरी होता है।
नई सेवाओं की शुरुआत पहले चरण में देश के छह बड़े महानगरों में की गई है। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं।
सरकार का मानना है कि इन शहरों में लॉन्च से एक्सप्रेस डिलीवरी मार्केट में भारत पोस्ट की पकड़ मजबूत होगी और प्राइवेट कूरियर कंपनियों को कड़ी प्रतिस्पर्धा मिलेगी।
साथ ही, संचार मंत्री ने कहा कि भारत का ई कॉमर्स बाजार 2030 तक 30 लाख करोड रुपये तक पहुंच सकता है, जो वर्तमान 11 लाख करोड रुपये से लगभग तीन गुना है। ऐसे में तेज डिलीवरी सेवाओं की मांग और बढ़ेगी।
मनी बैक गांरटी के साथ और भी सुविधाएं
नई स्पीड पोस्ट सेवाओं में ग्राहकों को कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। इसमें एंड टू एंड ट्रैकिंग, रियल टाइम SMS अलर्ट और OTP बेस्ड डिलीवरी सिस्टम शामिल हैं, जिससे पार्सल की सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ेगी।
बिजनेस ग्राहकों के लिए API इंटीग्रेशन, सेंट्रलाइज्ड बिलिंग और ‘Buy Now Pay Later’ सुविधा दी जाएगी। वहीं, बल्क शिपमेंट के लिए फ्री पिकअप की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
सबसे खास बात यह है कि यदि तय समय में डिलीवरी नहीं होती है, तो ग्राहकों को मनी बैक गारंटी भी दी जाएगी, जिससे इस सेवा की विश्वसनीयता और बढ़ेगी।



