राजधानी भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती में सोमवार दोपहर में आग लग गई। आग की लपटें 20 फीट ऊपर उठ गईं।
वहीं, धुएं के घने गुबार 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दिए। दमकलों ने आग को काबू में लिया।
आगजनी की घटना शाम 4 बजे हुई। शाम साढ़े 6 बजे तक दमकलें मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाती नजर आई। तेज हवा की वजह से आग तेजी से फैल गई और कचरे के ढेर को अपनी चपेट में ले लिया। निगम के अनुसार, आग काबू में आ गई, लेकिन धुआं निकलता रहा। इसलिए रात में भी फायर अमले को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
बताया जा रहा है कि डंप के मुख्य द्वार के पास स्थित आरडीएफ के ढेर से अचानक धुआं निकलने लगा। जब आग भड़की, तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने कचरा हटाने की कोशिश की। उसके बाद उन्होंने दमकल कर्मियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया।
आदमपुर कचरा खंती में हर साल आगजनी की घटना होती है। इस वजह से यहां स्थायी तौर पर दमकलें तैनात की गई हैं, लेकिन आग इतनी भीषण हो जाती है कि उसे समय रहते बुझाया नहीं जा सकता।
देवास-भोपाल बायपास मार्ग पर शुभम लॉजिस्टिक कंपनी के पास एक खाली मैदान में सोमवार अलसुबह वेस्ट मटेरियल में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल कर्मी 15 से अधिक टैंकर पानी का उपयोग कर चुके हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं।



