25.7 C
Bhopal

आईएएस के फार्महाऊस पर जुए के अड्डे का पर्दाफाश

प्रमुख खबरे

इंदौर जिले के महू क्षेत्र में पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फार्म हाउस पर चल रहे जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आवलीपुरा स्थित एक फार्म हाउस पर की गई।

जानकारी के अनुसार जिस फार्म हाउस पर जुआ खेला जा रहा था, वह महिला आईएएस वंदना वैद्य और उनके पति अम्बरीश वैद्य के नाम पर दर्ज है। वंदना वैद्य वर्तमान में वित्त विकास निगम इंदौर में प्रबंध संचालक (एमडी) के पद पर पदस्थ हैं।

लंबे समय से चल रहा था जुआ

इंदौर ग्रामीण पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि आवलीपुरा स्थित कोठी निवास फार्म हाउस में लंबे समय से बड़े पैमाने पर जुआ चल रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और एक टीम बनाकर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस जब फार्म हाउस पहुंची तो मुख्य गेट बाहर से बंद मिला लेकिन अंदर से लोगों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद पुलिस टीम फार्म हाउस के पीछे की ओर से अंदर दाखिल हुई। वहां बरामदे में कई लोग ताश खेलते हुए दिखाई दिए।

18 आरोपियों को पकड़ा

पुलिस ने तुरंत घेराबंदी करते हुए मौके से 18 लोगों को पकड़ लिया जबकि करीब 6 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने 13 लाख 67 हजार 971 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, 10 नई ताश की गड्डियां, 30 मोबाइल फोन और दो कारें जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 28 लाख 67 हजार 971 रुपए बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

डीएसपी उमाकांत चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। मौके से 18 आरोपियों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया है जबकि कुछ आरोपी फरार हो गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। वहीं, महिला आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

मुख्य सरगना है फरार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस जुए के अड्डे का मुख्य सरगना जगदीश राठौर उर्फ कूबड़ा है। बताया जा रहा है कि वह जगह बदल-बदलकर जुए के अड्डे संचालित करता है। जानकारी के मुताबिक जुए का यह फड़ पहले 1 मार्च को लगना था लेकिन किसी कारण से वह कार्यक्रम टल गया था और बाद में 10 मार्च की तारीख तय की गई थी।

आवलीपुरा गांव में जुए की सूचना पर कार्रवाई की गई। वहां जुआ खेलते हुए लोग पकड़े गए हैं। 24 लोग वहां अलग-अलग जिलों से जुआ खेलने आए थे। फरार लोगों की तलाश जारी है। फार्म हाउस के बारे में हम जानकारी जुटा रहे हैं। गिरफ्तार लोगों में ज्यादातर कारोबारी हैं।

यांगचेन डोलकर भुटिया, ग्रामीण एसपी इंदौर

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अलिया उर्फ अलाउद्दीन निवासी सिंघाना धार, विजय मोदी निवासी कानवन धार, आसीक निवासी महेश्वर खरगोन, ओमप्रकाश राठौर निवासी लिम्बोदी इंदौर, दीनदयाल जयसवाल निवासी बदनावर धार, राहुल जैन निवासी बड़नगर उज्जैन, राहुल औरा निवासी बड़नगर उज्जैन, स्वपनिल डुंगरवाल निवासी कुक्षी धार, नीतेश बंसल निवासी अंजड बड़वानी, नवीन पाटीदार निवासी राजकोट हाल मुकाम जोबट, मनीष वाणी निवासी जोबट, अभिषेक सरसोदे निवासी बड़नगर, अखिलेश झंवर निवासी बाग धार, धीरज कर्मा निवासी गोगावा खरगोन, राकेश चौधरी निवासी झाबुआ, बृजसिंह यादव निवासी देवास, रवि चौधरी निवासी देवास और सागर सेन निवासी राजगढ़ धार शामिल हैं।

वहीं, जगदीश राठौर उर्फ कूबड़ा, गोपाल निवासी लिम्बोदी इंदौर, पप्पू धोबी निवासी राजगढ़, आशीष जैन निवासी बखतगढ़ बदनावर और फार्म हाउस का केयरटेकर रंजीत जाट निवासी रामपुरिया मानपुर सहित कुछ अन्य आरोपी फरार हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे