25.9 C
Bhopal

दिग्विजय ने पेश किए सबूत, भोपाल के नरेला में 6-7 सदस्यों वाले घर में 30 वोटर

प्रमुख खबरे

विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची को लेकर विवाद शुरू हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को मध्यप्रदेश निर्वाचन कार्यालय पहुंचे और भोपाल की नरेला विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के दस्तावेज चुनाव आयोग को सौंपे।

दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि नरेला क्षेत्र के कुछ मकानों के पते पर असामान्य रूप से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम दर्ज किए गए हैं। उन्होंने तीन मकान मालिकों के शपथपत्र आयोग को सौंपते हुए बताया कि जिन घरों में वास्तविक रूप से 6 से 8 लोग रहते हैं, वहां मतदाता सूची में 30 से 40 तक नाम दर्ज हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के दौरान कई फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं और कई वास्तविक मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिन अधिकारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

दिग्विजय सिंह ने जिन मामलों का हवाला दिया, उनमें रतन कॉलोनी, करोंद क्षेत्र के तीन मकान शामिल हैं।

मकान नंबर 21 के मालिक हमीर सिंह यादव के अनुसार उनके घर में 6 कमरे हैं और परिवार के सिर्फ 4 सदस्य मतदाता हैं, जबकि मतदाता सूची में करीब 40 नाम दर्ज बताए गए हैं।

मकान नंबर 10 के मालिक कमलेश कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके घर में करीब 8 मतदाता रहते हैं, लेकिन सूची में 36 नाम दर्ज हैं।

मकान नंबर 2 के मालिक पोखन लाल साहू के अनुसार उनके घर में 7 मतदाता हैं, जबकि सूची में 37 नाम दर्ज बताए गए हैं।

मकान मालिकों ने शपथपत्र में यह भी कहा कि जिन लोगों के नाम उनके पते पर दर्ज हैं, वे वहां कभी नहीं रहे और उन्हें उन व्यक्तियों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संबंधित बीएलओ ने घर पर आकर सही तरीके से सत्यापन नहीं किया, जिसके कारण बड़ी संख्या में फर्जी नाम मतदाता सूची में शामिल हो गए।

दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग से पूरे मामले की जांच कर फर्जी नामों को हटाने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आयोग ने शिकायत और दस्तावेज स्वीकार करते हुए मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

इस दौरान उनके साथ शिकायतकर्ता रतन कुमार गुप्ता, पोखन लाल साहू और देव नारायण विश्वकर्मा सहित कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद थे।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे