राजधानी भोपाल के कुख्यात राजू ईरानी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उसकी 6 दिन की रिमांड शनिवार को खत्म हो गई थी। हालांकि पुलिस राजू से कोई खास जानकारी हासिल नहीं कर सकी।
हिरासत के दौरान राजू लगातार बीमारी का हवाला देकर पूछताछ से बचता रहा। पुलिस ने उससे डोजियर भरवा लिया है। जिसमें उसके तमाम करीबी रिश्तेदारों और गुर्गों की जानकारी दर्ज की गई है। जाहिरा कारोबार के तौर पर राजू ने स्वयं को प्रॉपर्टी डीलर और प्लाइवुड कारोबारी बताया है।
गुजरात पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर सौंपा था
भोपाल की निशातपुरा पुलिस कुख्यात राजू ईरानी को 11 जनवरी को प्रोडक्शन वारंट पर सूरत से भोपाल ले आई थी। यहां उसकी चार मामलों में गिरफ्तारी की गई। इसी दिन राजू को भोपाल की जिला कोर्ट में पेश किया।
जहां से उसे 17 जनवरी तक रिमांड पर भेज दिया। कोर्ट से रिमांड मंजूर होने के बाद भी राजू हंसता हुआ नजर आया। कोर्ट रूम से निकलने के बाद राजू ने कहा कि जल्द छूट जाऊंगा। हालांकि, पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। इन चार मामलों में वह 2017 से लगातार फरार चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी स्वयं को प्रॉपर्टी डीलर बताता रहा है। उसने पुलिस को बताया कि समाज के गलत कामों के कारण उसकी बदनामी हुई। बता दें कि पिछली पेशी 11 जनवरी को राजू कोर्ट में हंसते हुए पेश हुआ था। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद भी राजू ईरानी के चेहरे पर कोई शिकन नजर नहीं आई थी। वह मीडिया को नसीहत भी देते दिखा। राजू ने पुलिस की मौजूदगी में धमकी भरे लहजे में कहा कि जरा संभलकर रिपोर्टिंग करो।
पुलिस का कहना है कि राजू के खिलाफ हत्या के प्रयास और आगजनी का केस बीते साल दिसंबर में दर्ज किया था। इस मामले में उसकी तलाश थी। इसी के साथ बहराइच उत्तर प्रदेश में ठगी, महाराष्ट्र में लूट और ठगी सहित भोपाल में ही 2017 के एक आगजनी के केस में उसकी तलाश थी। इन चारों मामलों में उसकी गिरफ्तारी कर ली गई।
माल कहां और कैसे खपाया जाता था, उसके नेटवर्क कहां तक है, इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस ने उससे हासिल कर लिए हैं। राजू बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस को गुमराह करने लगातार अलग-अलग कहानियां बता रहा था। उसने स्वयं को डेरे का सरदार होने की बात से भी इनकार कर दिया।
पत्नी बोली-फंसाने की कोशिश कर रहे
राजू ईरानी की पत्नी तुन ईरानी ने कहा कि उनकी दुश्मनी जिन लोगों से है वे उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। डेरे में अच्छे भी लोग हैं। जो बुरे लोग हैं वे उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे खुद डेरे के लोगों से अपील करते हैं कि गलत काम छोड़ दो इसलिए लोग उनके दुश्मन बन गए। गिरफ्तारी ताे हुई है अब प्रशासन से विनती करते हैं कि उनके साथ रियायत बरती जाए।
भोपाल की निशातपुरा पुलिस कुख्यात राजू ईरानी को प्रोडक्शन वारंट पर रविवार को सूरत से भोपाल ले आई है। यहां उसकी चार मामलों में गिरफ्तारी की गई। रविवार शाम को राजू को भोपाल की जिला कोर्ट में पेश किया है।
भोपाल में लुटेरे, चोर और ठगों का पनाहगार ईरानी डेरा यूं ही बदनाम नहीं है, यहां रहने वाले करीब 70 परिवारों में हर एक घर में किसी न किसी का क्रिमिनल रिकॉर्ड है। ये न केवल मध्य प्रदेश बल्कि देश के 12 राज्यों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देते आए हैं।



