22.4 C
Bhopal

राजधानी में ही गौमांस का धंधा चरम पर, स्लॉटर हाउस की गाड़ी से 26 टन जब्त

प्रमुख खबरे

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़े-बड़े दावों के बीच शुरू हुआ स्लॉटर हाउस की गाड़ी से 26 टन गोमांस जब्त होने के बाद शुक्रवार को नया खुलासा हुआ।

निगम से स्लॉटर हाउस का ठेका लेकर लाइव स्टॉक फूड प्रोसेसर प्राइवेट लिमिटेड के मालिक असलम कुरैशी ने निगम के स्लॉटर हाउस को कथित रूप से निजी फूड प्रोसेसिंग यूनिट में बदल दिया।

वह पास के जिलों से गोवंश का मांस लाता, शहर में मृत मवेशियों को उठवाकर स्लॉटर हाउस ले जाता और स्लॉटरिंग के बाद गोमांस को भैंस के मांस के साथ मिलाकर पैकेट बना कई शहरों में खपाता था।

इंटरनेशनल सप्लायर के जरिए विदेश भी भेजता था। जांच में इन तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस की सिफारिश पर निगम ने स्लॉटर हाउस सील कर दिया। लेकिन ठेकेदार का टेंडर रद्द नहीं किया। आरोपी को भेजा गया है।

मेट्रो डिपो से सटे क्षेत्र में नगर निगम ने पुराने ढांचे के स्थान पर 30 करोड़ रुपए से प्रदेश का पहला मॉडर्न स्लॉटर हाउस बनाया था। यहां स्लॉटरिंग में पानी की खपत में 90% तक कमी आई। पहले 200 जानवरों की कटाई में रोज 50 हजार लीटर पानी लगता था। स्लॉटरिंग के बाद निकलने वाले कचरे का शत-प्रतिशत निपटारा भी परिसर में होता था। यहां 200 बड़े और 600 बकरे-बकरियों की कटाई की व्यवस्था थी।

जहांगीराबाद टीआइ मानसिंह चौधरी ने बताया, मुख्य आरोपी पर केस दर्ज किया गया है। तकनीकी जांच में गौ मांस मिलने की पुष्टि हुई है। परिसर सील किया गया है। सामग्री यहां लाकर पैकिंग करवाई जाती थी एवं इसे बाहर वितरित किया जाता था। इस मामले में कौन-कौन शामिल है, किसकी क्या भूमिका है। सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है। निगम को पत्र लिखकर और जानकारियां भी मांगी जा रही है।

स्लॉटर हाउस सील होने से शुक्रवार को यहां जानवरों की कटाई नहीं हो सकी। नतीजा, शहर में सैकड़ों व्यापारियों ने खुले में जानवर काटे और उनके चमड़े निकालकर फेंक दिए। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने इन्हें एकत्र कर आदमपुर खंती पहुंचाया। निगम का दावा है, शनिवार से व्यवस्था सुव्यवस्थित हो जाएगी।

गोमांस के मुद्दे पर कांग्रेस ने नगर निगम का दफ्तर घेरा। नारेबाजी की। कहा कि देश-प्रदेश में भाजपा की सरकार है, फिर भी खुलेआम तस्करी हो रही है। जिम्मेदारों पर कार्रवाई करें।

इस पूरे मामले पर निगमायुक्त संस्कृति जैन ने कहा कि पुलिस की जांच और प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर स्लॉटर हाउस सील किया। जांच जारी है।

भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि जांच में गोमांस की पुष्टि हुई है। गो-तस्करी व हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। कार्रवाई होगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे