उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर गमला चोर सक्रिय हो गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया था.
इसके कुछ ही घंटों बाद, वहां सजावट के लिए रखे गए सैकड़ों गमले लोग अपनी स्कूटी और कारों में भरकर ले गए. पुलिस की मौजूदगी में लोग गमले चोरी कर रहे थे. अब इस मामले में कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है.
एक गमले की कीमत करीब 100 रुपये
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वीआईपी कार्यक्रम खत्म होते ही लोग कैसे सार्वजनिक संपत्ति पर टूट पड़े कोई स्कूटी पर गमले लाद रहा है, तो कोई अपनी महंगी कार में चोरी करके फूल के गमले रख रहा है.
एलडीए ने बचे हुए गमले हटवाए
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लोगों को रोकने के बजाय मुस्कुराते हुए खड़े रहे. इस लापरवाही के कारण देखते ही देखते फूलों से सजा इलाका खाली हो गया. एक गमले की कीमत लगभग 90 से 100 रुपये बताई जा रही है. एलडीए ने अब बचे हुए गमले वहां से हटवा लिए हैं.
मुख्यमंत्री की चेतावनी भी बेअसर
करीब एक महीने पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने G-20 के दौरान हुई ऐसी ही चोरी की घटनाओं पर जनता को सख्त हिदायत दी थी. सीएम ने कहा था कि लोग मर्सिडीज से उतरकर गमले चुरा लेते हैं, ऐसी हरकतें शहर की छवि खराब करती हैं. बावजूद इसके, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद फिर वही नजारा देखने को मिला.
पुलिस और एलडीए करेंगे कार्रवाई
लखनऊ विकास प्राधिकरण (की शिकायत पर अब उन लोगों की पहचान की जा रही है जो वीडियो में चोरी करते नजर आ रहे हैं. ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि वीडियो फुटेज के आधार पर गाड़ियों के नंबरों को ट्रैक किया जा रहा है. आरोपियों के खिलाफ चोरी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
प्रेरणा स्थल के बाहर गमले हुए चोरी
प्रधानमंत्री के जाने के कुछ ही घंटों बाद राष्ट्र प्रेरणा स्थल के बाहर गमले चोरी होने लगे. कार और स्कूटी से आए संपन्न परिवारों के लोग सजावट के गमले चोरी कर ले गए. अब लखनऊ पुलिस FIR दर्ज करने जा रही है.



