20.6 C
Bhopal

अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट में मप्र को 2 लाख करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात

प्रमुख खबरे

मध्यप्रदेश के ग्वालियर के मेला ग्राउंड में गुरुवार को ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट – निवेश से रोजगार’ का राज्य स्तरीय कार्यक्रम केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के मंच से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन-शिलान्यास किया। कार्यक्रम में निवेशकों को सिंगल क्लिक से औद्योगिक प्रोत्साहन राशि दी गई।

शिवराज सरकार ने हटाया ‘बीमारू’ का टैग

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि एक जमाने में दिग्विजय सिंह के शासन में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य बन गया था। शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश से बीमारू राज्य का टैग हटाया। वे मध्य प्रदेश में लंबे समय तक रहने वाले भाजपा के मुख्यमंत्री बने।

अब मोहन यादव शिवराज जी से भी ज्यादा ऊर्जा के साथ इसको आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। इससे निश्चित रूप से अब मप्र विकसित राज्य बनेगा। यहां शानदार हाइवे बन चुके हैं, मां नर्मदा का पानी पूरे क्षेत्र में पहुंच रहा है, सिंचाई में 17 प्रतिशत वृद्धि हुई है, पंजाब हरियाणा को लगातार पीछे छोड़ सात बार कृषि कर्मण अवार्ड मप्र ने जीता है।

शाह ने कहा कि मप्र की भौगोलिक स्थिति इतनी आकर्षक है, कि हर जगह बीज बोकर फसल ली जाती है। यहां रुपया बोकर आप करोड़ों रुपये कमा सकते हैं। इतना उपजाऊ हमारा मप्र है। जब राज्य क्षेत्रीय संतुलन से विकास करता है तो सबसे ज्यादा फायदा राज्य की जनता व उद्योग को होता है।

एमपी में बनेगा सबसे बड़ा पीएम मित्र पार्क

अमित शाह ने कहा कि पीएम मित्र पार्क 5F विजन पर आधारित है, जो किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने का कार्य करता है। Farm to Fiber,Fiber to Factory,Factory to Fashion, Fashion to Foreign Export… इस पूरी श्रृंखला को पीएम मित्र पार्क साकार कर रहा है। देश का सबसे बड़ा पीएम मित्र पार्क मध्य प्रदेश में स्थापित किया गया है।

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि डिजिटल ट्रांजैक्शन और फिनटेक के क्षेत्र में हमने बहुत बड़ी छलांग लगाई है। वर्ष 2024–25 में विश्व भर के 46% डिजिटल ट्रांजैक्शन भारत में हुए हैं। हमारे गुजरात में एक कहावत है – एक ओर गाम, दूसरी ओर राम। उसी तरह एक ओर पूरी दुनिया के डिजिटल ट्रांजैक्शन हैं, और दूसरी ओर अकेले भारत का डिजिटल ट्रांजैक्शन है।

मोदी जी ने वाइब्रेंट गुजरात के नाम से एक स्ट्रक्चर्ड इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और समिट के आयोजन की वैज्ञानिक शुरुआत की थी। इसके अंतर्गत राज्य की राजधानी में सम्मेलन आयोजित होते थे और इसके माध्यम से राज्य में निवेश आता था।

युगद्रष्टा, अजातशत्रु थे अटलजी

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने अटल जी को भी याद किया और कहा कि आज उस युगद्रष्टा, आधुनिक भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की नींव रखने वाले महान व्यक्तित्व की 101वीं जयंती हम मना रहे हैं। मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं और देश की जनता की ओर से उस महामानव को मनपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

कारगिल के विषय में अटल जी ने दुनिया को स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान से तब तक बातचीत नहीं हो सकती जब तक एक-एक घुसपैठिए को बाहर न खदेड़ दिया जाए। कारगिल विजय अटल जी के दृढ़ निश्चय का प्रतीक है।

वे महान वक्ता, संवेदनशील कवि और लोकसंग्रह व लोककल्याण को समर्पित नेता थे। राजनीति में रहते हुए भी वे अजातशत्रु रहे। उनके विरोधी भी उनके विरुद्ध कुछ नहीं बोल पाते थे।

अटल जी ने न सिर्फ देश की सांस्कृतिक विरासत को बचाया, बल्कि पूरा जीवन देश के स्व को जगाने का काम किया। स्वराज से सुशासन तक की यात्रा को उन्होंने आगे बढ़ाया। उस ज़माने में जब अंग्रेज़ी का बोलबाला था, तब संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण कर पूरे भारत का दिल जीतने का काम अटल जी ने किया।

प्रदर्शनी का किया अवलोकन

कार्यक्रम स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में एक प्रदर्शनी लगाई गई। गृहमंत्री अमित शाह व अन्य गणमान्य अतिथियों ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में औद्योगिक विकास की गाथा भी शामिल है।

इस अवसर पर साइबर वित्तीय ई-अपराध पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में साइबर अपराध पर एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसी कार्यक्रम के मंच से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ग्वालियर व्यापार मेला का शुभारंभ किया।

प्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर निवेश एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले उद्योगपतियों को सम्मानित किया। “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” सुदृढ़ करने और नीतिगत बदलावों से प्रदेश में निवेश अनुकूल वातावरण बनाने के संपूर्ण प्रयासों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।

औद्योगिक इकाइयों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से ₹725 करोड़ की प्रोत्साहन सहायता राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। ग्वालियर जिले के लिए सिंगल क्लिक के माध्यम से ₹254.84 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

इसके साथ ही ग्वालियर परिक्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (भवन/पथ) अंतर्गत ₹361.90 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन तथा ₹288.61 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को विकास की महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान की गई।

कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित प्रदेश के मंत्रीगण-विधायक भी मौजूद हैं।

समिट में मौजूद ये प्रमुख उद्योगपति

गौतम मोहनका, प्रबंध निदेशक, गौतम सोलर पावर प्राइवेट लिमिटेड।

अंशुमन सिंघानिया, चेयरमैन, जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड।

नादिर गोदरेज, गोदरेज ग्रुप।

रिझु झुनझुनवाला, चेयरमैन, भीलवाड़ा समूह।

अरुण गोयल, एलिक्जिर इंडस्ट्रीज।

अनिल कुमार, प्रबंध निदेशक, ग्रीनको समूह।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे