गोवा नाइट क्लब अग्निकांड मामले में विवादों में घिरे सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की मुश्किलें बुधवार को और बढ़ गईं। सूत्रों के अनुसार विदेश मंत्रालय को गोवा सरकार की ओर से दोनों के पासपोर्ट रद्द करने का आधिकारिक अनुरोध मिला है। यह कदम तब उठाया गया है जब दोनों भाई घटना के कुछ घंटों बाद थाईलैंड भाग चुके हैं और दिल्ली में उनकी अग्रिम जमानत पर सुनवाई लगातार टलती जा रही है।
दिल्ली की रोहिणी अदालत में लूथरा भाइयों की ट्रांजिट अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने साफ पूछा कि जब आरोपी अदालत के अधिकार क्षेत्र में मौजूद ही नहीं हैं, तो इस स्थिति में अग्रिम जमानत कैसे दी जा सकती है। अदालत ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि याचिका की स्वीकार्यता ही सवालों के घेरे में है। राज्य के वकील ने भी यही दलील दी कि आरोपी देश से भाग चुके हैं और गोवा अदालत पहले ही गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है।
सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा ने आरोपी सौरभ लूथरा की सेहत का हवाला दिया और बताया कि उन्हें मिर्गी और हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारी है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों भाई क्लब के मालिक नहीं, बल्कि केवल लाइसेंसधारी हैं और वैध परमिशन के साथ काम कर रहे थे। उनका दावा था कि क्लब का मालिकाना हक किसी और के पास है और उन्हें गलत तरीके से आरोपी बनाया जा रहा है।
राज्य के वकील ने अदालत से विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने के लिए समय मांगा और कहा कि आरोपी देश से भाग चुके हैं, इसलिए उन्हें किसी भी तरह की अंतरिम राहत नहीं दी जानी चाहिए। वहीं आरोपियों के वकील तनवीर अहमद मीर ने कोर्ट से गुहार लगाई कि अगली सुनवाई तक उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा दी जाए। उन्होंने कानूनी मिसालों का हवाला देते हुए कहा कि याचिकाकर्ता दिल्ली के स्थायी निवासी हैं और सिर्फ गिरफ्तारी से बचाव चाहते हैं, ताकि वे गोवा की सक्षम अदालत में पेश हो सकें।
गोवा पुलिस ने बताया कि लूथरा भाई आग लगने के तुरंत बाद देश छोड़ने की तैयारी में लग गए थे और 7 दिसंबर को रात 1:17 बजे थाईलैंड के लिए टिकट बुक किए। जब गोवा पुलिस और फायर सर्विस आग बुझाने और लोगों को बचाने में लगी थी, उसी दौरान दोनों भाई देश छोड़कर चले गए। उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी है।
लूथरा भाइयों के वकीलों ने दावा किया कि क्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ का रोजमर्रा का संचालन तीन बिजनेस पार्टनर और एक मैनेजर देखता था। उन्होंने कहा कि लूथरा भाई कई व्यवसायों से जुड़े हैं पर संचालन में उनका सीधा रोल नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि क्लब का मैनेजर पहले ही गिरफ्तार हो चुका है और जांच में वही महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



