भोपाल जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम जारी है। इस प्रक्रिया के तहत 2029 BLO मतदाताओं को गणना पत्रक देने के साथ-साथ उन्हें भरवाकर डिजिटलाईज्ड भी करेंगे।
संपूर्ण कार्य की समीक्षा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ने रविवार देर रात की, जिसमें एक सुपरवाइजर और बीएलओ की लापरवाही सामने आई। इसके चलते कलेक्टर ने देर रात ही दोनों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
कलेक्टर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र उत्तर के मतदान केंद्र दो के बीएलओ अनंतलाल मिश्रा ने लगातार निर्देशों के बावजूद एक भी गणना पत्रक BLO एप पर डिजिटलाईज्ड नहीं किया।
इसी तरह, विधानसभा क्षेत्र गोविंदपुरा के बीएलओ सुपरवाइजर शुभम प्रताप सिंह ने भी बीएलओ को लक्ष्य के अनुसार कार्य नहीं करवाया।
प्रतिदिन प्रत्येक बीएलओ से 100 गणना पत्रक डिजिटाईज करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन यह काम पूर्ण रूप से नहीं किया गया। इस तरह अनंतलाल मिश्रा और शुभम प्रताप सिंह द्वारा एसआइआर कार्य में लगातार लापरवाही बरतने पर उन्हें निलंबित किया गया।
कलेक्ट्रेट में सोमवार को एसआइआर कार्य समेत कई मुद्दों पर बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के सभी बीएलओ के कार्यों की कड़ी निगरानी करें।
प्रत्येक बीएलओ को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही कॉल सेंटर को पूरी तरह संचालित रखते हुए, कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।



