कटरा। मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी है। भूस्खलन के कारण दो हफ्ते से अधिक समय से स्थगित माता वैष्णो देवी यात्रा 14 सितंबर यानि रविवार से फिर से शुरू होने वाली है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने शुक्रवार को यह घोषणा की। बोर्ड ने कहा है कि वैष्णो देवी यात्रा की बहाली सशर्त है और अनुकूल मौसम की स्थिति पर निर्भर है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, अनुकूल मौसम की स्थिति के अधीन वैष्णो देवी यात्रा 14 सितंबर (रविवार) से फिर से शुरू होगी।
जम्मू संभाग में 26 अगस्त को अत्यधिक खराब मौसम के दौरान माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन होने से 35 से अधिक तीर्थयात्रियों की जान चली गई और 10 से अधिक अन्य घायल हो गए थे। इसके कारण श्री माता वैष्णो देवी यात्रा स्थगित कर दी गई थी। कटरा में पिछले दिनों हुए भूस्खलन के बाद प्रशासन ने होटल और धर्मशालाओं को खाली करने का आदेश जारी किया था।
भूस्खलन के बाद श्राइन बोर्ड की हुई आलोचना
भूस्खलन त्रासदी के बाद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) की आलोचना हुई, यहां तक कि जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चैधरी ने भी यात्रा के मामलों का प्रबंधन करने वाले एसएमवीडीएसबी के अधिकारियों को दोषी ठहराया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीन दिन बाद श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर अखदुवारी के पास हुए भूस्खलन की घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति के गठन का आदेश दिया था।
तीन सदस्यीय हाई लेवल कमेटी गठित
अतिरिक्त मुख्य सचिव (जल शक्ति) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति बनाई गई, जिसमें जम्मू के संभागीय आयुक्त और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) को शामिल किया गया। उपराज्यपाल के आदेश में कहा गया था, ष्यह समिति अगले सप्ताह में श्राइन बोर्ड को रिपोर्ट सौंपेगी। गौरतलब है कि रियासी जिले के कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में हर साल करोड़ों तीर्थयात्री आते हैं।