28.3 C
Bhopal

हॉकी एशिया कप का चैंपियन बना भारत, खिताबी मुकाबले में कोरिश को दी शिकस्त

प्रमुख खबरे

राजगीर। हॉकी एशिया कप 2025 में जीत से आगाज करने वाली टीम इंडिया का विजयी अभियान फाइनल में भी जारी रहा। टीम इंडिया ने बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए खिताबी मुकाबले में पांच बार की विजेता दक्षिण कोरिया को 4-1 से करारी शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा कर लिया। भारतीय हॉकी टीम आठ साल बाद एशिया कप की चैंपियन बनी है। यह उसकी टूर्नामेंट में चौथी खिताबी जीत है। यही नहीं इस जीत के साथ ही टीम ने अगले साल यानी 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड द्वारा संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि भारत ने 5 बार की चैम्पियन साउथ कोरिया को शिकस्त दी है। इससे पहले भारत ने 2003, 2007 और 2017 में भी खिताब जीता था। खास बात यह है कि 2007 और अब 2025 दोनों बार भारत ने कोरिया को हराकर खिताब जीता है। भारत 1982, 1985, 1989, 1994 और 2013 में उपविजेता (रनर-अप) रहा। यहां पर यह भी बता दें कि एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम अजेय रही है। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने चीन को 7.0 से करारी मात दी थी।

भारत ने शुरूआत से बनाया दबाव
मैच की शुरूआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और बढ़त हासिल की। पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर भारत को बढ़त दिला दी। हालांकि आठवें मिनट में जुगराज सिंह पेनाल्टी स्ट्रोक का फायदा उठाने से चूक गए। पहला क्वार्टर भारत के नाम 1-0 से रहा।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। दिलप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में गोल करते हुए बढ़त को 2-0 कर दिया। हाफ-टाइम तक भारत 2-0 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में कोरिया ने वापसी की कोशिश की और लगातार पेनल्टी कॉर्नर भी हासिल किए, लेकिन भारतीय डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। वहीं 44वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।

अंतिम क्वार्टर में भारत की ओर से अमित रोहिदास ने 49वें मिनट में शानदार फील्ड गोल किया। हालांकि एक मिनट बाद ही कोरिया के डैन सन ने गोल दागकर अंतर 4-1 कर दिया, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। चारों क्वार्टर में दबदबा बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों ने यह खिताबी जीत अपने नाम की और एक बार फिर साबित किया कि हॉकी में भारत एशिया की सबसे मजबूत टीम है।

- Advertisement -spot_img

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

ताज़ा खबरे