भोपाल। मप्र सरकार आईपीएस अधिकारियों के बाद अब आईएएस अधिकारियों के तबादले करने की तैयारी पूरी कर चुकी है। इसके आदेश कल तक जारी हो सकते हैं। इसमें मंत्रालय से लेकर मैदानी स्तर तक के अधिकारी बदले जाएंगे। अभी कई पद रिक्त हैं तो कई बदले जाने की सूची में हैं।
मसलन दतिया कलेक्टर संदीप माकिन के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद रिक्त है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह और संजीव कुमार झा की पदस्थापना होनी है।सिंह की सेवा चुनाव आयोग से वापस ली जा रही हैं। बताते हैं कि मुख्यमंत्री मोहन यादव सूची को अंतिम रूप मुख्य सचिव अनुराग जैन के साथ बैठक करके आज रात या कल देंगे।
हालांकि मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि यह बहुत बड़ा प्रशासनिक परिवर्तन नहीं होगा। ऐसे में, केवल आवश्यक पदस्थापनाएं ही एक-दो दिन में की जाएंगी। माना जा रहा है कि मंत्रालय में अवश्य कुछ बड़े और महत्वपूर्ण परिवर्तन होंगे, जो काफी समय से प्रस्तावित हैं। लोक निर्माण विभाग जैसा बड़े और महत्वपूर्ण विभाग में कोई स्थायी वरिष्ठ अधिकारी नहीं है। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई के पास वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिसंबर 2024 से है।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने बीते महीनों में काफी आईएएस अफसरों को बदला है इसलिये तीन चार जिलों में ही कलेक्टरो बदलने की जरूरत महसूस हो रही है। वहीं निगमों और मंत्रालयों में आईएएस अफेसरों की पदस्थापना के संबंध में तैयारी की गई है। कम से कम पांच विभागों की कमान बदल सकती है।