पटियाला। मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री रहते हुए शिवराज सिंह चौहान जिस तरह से दौरों में व्यस्त रहते थे। उसी तरह से केन्द्रीय कृषि मंत्री बनने के बाद भी उनके दौरे जारी हैं। मप्र के साथ-साथ अन्य राज्यों का लगातार दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब शिवराज गुरुवार को पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। पंजाब के दौरे पर पहुंचने के बाद शिवराज पटियाला जिले के ग्राम राजपुरा में आयोजित किसान चौपाल में शामिल हुए और कृषि संकल्प अभियान के तहत किसानों से संवाद भी किया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिवराज के पंजाब दौरे का मुख्य उद्देश्य किसानों से सीधा संवाद स्थापित करना, कृषि क्षेत्र में नवाचारों को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना है। जो उनके दौरे के पहले ही दिन देखने को मिला। शिवराज ने ग्राम राजपुरा में आयोजित किसान चौपाल में शिरकत कर स्थानीय किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। यही नहीं शिवराज पटियाला में किसानों के साथ खेतों में उतरे और ट्रैक्टर भी चालाया।
वहीं किसानों से संवाद करते हुए कहा कि पंजाब की धरती बहुत ही ज्यादा उपजाऊ है। सीधी धान की खेती का उन्होंने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कर किसान काफी अधिक पानी बचा सकते हैं। इसके बाद विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने पटियाला में पौधरोपण कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है।
कृषि संकल्प अभियान को करेंगे संबोधित
मंत्री चौहान पटियाला के ग्राम रौनी पहुंचेंगे। जहां उन्होंने विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करना है। वे इस अभियान में किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने और उनकी आय दोगुनी करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करेंगे।
बता दें कि केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत विभिन्न राज्यों का दौरा कर रहे हैं, जिसमें वे किसानों से सीधे मिलकर उनकी समस्याएं जान रहे हैं और उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत करा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि तकनीक, प्रशिक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग से भारतीय कृषि को आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाया जाए।