इंदौर। इंदौर में भाजपा कार्यकर्ता के साथ मारपीट के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है। पुलिस ने नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उन्हें घर से उठाकर थाने ले गई है। भाजपा नेता से मारपीट के मामले में पुलिस ने चिंटू चौकसे समेत 8 लोगों पर नामदज एफआईआर की है। जिनमें से चिंटू समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं छह अभी फरार हैं। इन सभी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ता कपिल पाठक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था।
बताया जा रहा है कि उनके वार्ड में शनिवार रात को पानी के टैंकर को लेकर बच्चों में विवाद हो गया था। इसमें बड़े शामिल हो गए। जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओ के बीच झड़प हो गई थी। इस बीच चिंटू चौकसे व उनके समर्थक भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद ज्यादा बढ़ गया और कांग्रेस समर्थकों ने लोहे की राड से भाजपा कपिल पाठक पर हमला कर दिया। कपिल पाठक की शिकायत पर पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा के तहत चिंटू चौकसे समेत सभी पर केस दर्ज किया है। साथ ही चौकसे को गिरफ्तार भी कर लिया है।
हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज
नगर निगम में कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष की गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस में आक्रोश है। एक ओर जहां गिरफ्तारी की जानकारी लगते ही कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर जमा हो गए। सरकार और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं गिरफ्तारी के विरोध में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ता पलासिया स्थित पुलिस कमिश्नर कार्यालय मुलाकात करने पहुंचे। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व विधायक सहित शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत चड्डा भी शामिल है। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- हम कांग्रेसी भेड़ बकरी हैं। वहीं चिंटू चौकसे ने कहा- यह अंधेर नगरी चौपट राजा है। मैं उस जगह मौजूद ही नहीं था। जो घटना मामूली थी, उसे आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) में बदल दिया गया है। यह जंगलराज नहीं तो और क्या है? यह भाजपा की सरकार है।
फावड़े और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामस्नेही मिश्रा ने बताया- शनिवार रात कपिल पाठक और चिंटू चौकसे के बच्चों के बीच विवाद हुआ। ये थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के बीच झगड़े में बदल गया। इसी मामले में देर रात कपिल पाठक की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। उन्होंने चौकसे द्वारा खुद पर फावड़े और लोहे की रॉड से प्राणघातक हमले करने का आरोप लगाया।
मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि: कपिल पाठक के सिर में आई हैं गंभीर चोटे
कपिल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। मेडिकल रिपोर्ट से भी इसकी पुष्टि हुई है। दूसरे पक्ष के लोग भी घायल हुए हैं, लेकिन उन्होंने अब तक केस नहीं कराया है। मामले में चिंटू चौकसे और सुभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया है। रोहन चौकसे, ईशान चौकसे, राधेश्याम चौकसे, गौरव चौधरी, सुमित ठाकुर, रवि प्रजापति और एक अन्य अज्ञात आरोपी फरार हैं। हमारी टीम लगातार प्रयास कर रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।