भोपाल। रंगों के पर्व होली के एक दिन बाद यानि शनिवार को मध्यप्रदेश के पुलिस महकमे ने जमकर होली खेली। पुलिसकर्मियों से लेकर तमाम अधिकारी रंगों के रंगे नजर आए। राजधानी भोपाल में जहां पुलिस लाइन में वहीं ग्वालियर में डीआरपी लाइन में पुलिस कर्मचारी और अधिकारियों ने परिवार के साथ होली खेली। वहीं महाकाल की नगरी उज्जैन में भी पुलिसकर्मी और अधिकारियों ने एक दूसरे पर जमकर रंग-गुलाल उड़ाया। होली के गीतों पर महिला-पुरुष पुलिसकर्मी जमकर थिरके।
उज्जैन जिला पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने पुलिसकर्मियों पर फूल भी बरसाए। सीएम मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि होली के दूसरे दिन पुलिस और प्रशासन के साथ यह आयोजन सुखद अनुभव रहा। उन्होंने घोषणा की कि पुलिस में नई भर्ती की जाएगी और अधिकारियों के प्रमोशन से जुड़े लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाएगा। साथ ही, पुलिसकर्मियों के लिए नए आवास भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छोटे कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनके लिए भी योजनाएं तैयार की जाए।
उज्जैन में महिला पुलिस अधिकारी भी नहीं रहीं पीछे
उज्जैन में कार्यक्रम की शुरूआत में टीआई और एसआई स्तर के अधिकारियों ने फिल्मी गानों और भजनों पर डांस किया। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारी भी पीछे नहीं रहीं और अधिकारियों व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ झूमकर होली का आनंद लिया। समारोह में महाकाल थाना टीआई नरेंद्र परिहार, एसआई चंद्रभान सिंह, सीएसपी योगेंद्र यादव, एम.एस. परमार सहित कई पुलिस अधिकारी उल्लासपूर्ण माहौल में थिरकते नजर आए।
भोपाल में महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों ने खेली होली
वहीं भोपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन में होली में पुलिस के आला अधिकारी भी शामिल हुए। होली के गीतों पर पुलिसकर्मी जमकर थिरके। राजधानी में एक ही स्थान पर महिला-पुरुषों ने अलग-अलग होली खेली। ग्वालियर डीआरपी लाइन में आईजी अरविंद सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान, एसपी धर्मवीर सिंह सहित तमाम पुलिस के अधिकारी और कर्मचारियों ने गुलाल लगाकर होली की बधाईयां दी। होली की इस मस्ती में सिपाही से लेकर अधिकारी भी थिरके।
एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी
बता दें कि होली के दिन सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहने वाले पुलिस महकमें ने आज होली की सुशियां मनाई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। होली के दिन पुलिस महकमा लोगों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था लिहाजा पुलिसवालों ने आज होली का त्यौहार मनाया। त्यौहारों पर सुरक्षा व्यवस्था के दौरान तनाव में रहने वाले पुलिसकर्मियों को होली के दूसरे दिन रंगों का त्यौहार मनाने का मौका मिलता है।