सीहोर। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों अपनी लोकसभा क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं। शिवराज ने यात्रा की शुरुआत की सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र की है। यात्रा के दौरान उन्होंने किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित सभी वर्गों से संवाद और केन्द्र सरकार की योजनाओं से भी रुबरू कर रहे हैं। खास बात है कि शिवराज जब पदयात्रा लेकर आदिवासियों के बीच पहुंचे तो उन्होंने मामा को कंधे पर बैठाकर जमकर डांस किया। इतना ही नहीं शिवराज भी अपने आप को थिरकने से नहीं रोक सके। इस दौरान उनकी पत्नी साधना सिंह भी महिलाओं के साथ नृत्य करती नजर आईं।
विकसित भारत संकल्प पदयात्रा के दौरान लोगों ने शिवराज को अपने कंधों पर बिठाया और आदिवासियों के साथ उनके नृत्य के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। वहीं युवाओं के साथ बातचीत में शिवराज ने कहा, ”अपने लिए तो सभी जीते हैं, कीट-पतंगे भी जीते हैं, पशु-पक्षी भी जीते हैं। केवल अपने लिए जिए तो क्या जिए, तू जी ऐ दिल जमाने के लिए।”
उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा, हमने बचपन में पढ़ा था, ह्यरहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। पानी मिले न ऊबरै, मोती मानुष चून। पानी के बिना जीवन संभव नहीं है, लेकिन पानी की चिंता नहीं की जा रही। बरसात का पानी आता है और बह जाता है। हम खेतों की सिंचाई के लिए धरती मां के पेट से पानी निकाल रहे हैं, लेकिन उसे वापस धरती में पहुंचाने की कोई व्यवस्था नहीं कर रहे। इसका परिणाम भयानक है।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, किसान भाई जानते होंगे कि पहले पानी कितने फीट पर मिलता था और अब कितने फीट पर मिलता है। अगर यह स्थिति जारी रही, तो हजार, डेढ़ हजार, दो हजार फीट पर भी पानी नहीं मिलेगा। इसलिए आज जरूरी है कि हम पानी बचाने के बारे में सोचें। पानी बचाने के तीन-चार रास्ते हैं। पहला, पानी को व्यर्थ न जाने दें। पानी की एक-एक बूंद कीमती है, इसलिए इसे बचाएं।