भोपाल। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर मप्र कांग्रेस ने बुधवार को ईडी और भाजपा के खिलाफ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किया था। शाजापुर में कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन में दिग्विजय सिंह शामिल हुए थे। जहां उन्होंने दंगों को लेकर बयान दिया। उनके इस बयान पर खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने दिग्गी का एक वीडियो शेयर कर जोरदार पलटवार किया है। यह वीडियो बाबरी मस्जिद विध्वंस से जुड़ा है। हालांकि सारंग के वीडियो पर दिग्विजय सिंह ने भी स्पष्टीकरण दिया है।
मंत्री सारंग द्वारा शेयर किए गए वीडियो में दिग्विजय सिंह बाबरी मस्जिद के गिरने के बाद हुए दंगे के बारे में बात कर रहे थे। 1 मिनट 12 सेकेंड के वीडियो में पूर्व सीएम कह रहे हैं- ऐसे अनेक मेरे पास उदाहरण हैं, जब बाबरी मस्जिद शहीद हुई थी उस समय मैं प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष था, भोपाल शहर में 1947 में भी दंगा नहीं हुआ लेकिन बाबरी मस्जिद गिरने पर दंगा हुआ। लगभग दो हफ्ते तक मैंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में रात बिताई। मैं घर नहीं जाता था। लेकिन हमने दंगा फसाद होने में पूरी कोशिश की।
दिग्गी ने खुद कबूला, उन्हीं ने कराए दंगे: सारंग
दिग्गी के वीडियो पर विश्वास सारंग ने कहा, “दिग्विजय सिंह ने स्वीकार ही किया कि बाबरी मस्जिद कांड के बाद दंगा फसाद उन्हीं ने कराया। वह स्वयं कह रहे हैं कि बाबरी मस्जिद शहीद हुई और उसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए दंगा फसाद कराया।” सारंग ने आगे कहा, “यह बयान साफ करता है कि कांग्रेस ने इस देश में दंगा फसाद कराने का काम किया है। दिग्विजय सिंह ने खुद कबूल किया है कि दंगे उन्होंने कराए थे।”
दिग्गी की सफाई
दिग्विजय सिंह ने कहा कि-मेरे बयान को तोड़ मरोड़ के पेश किया गया। मेरे बयान से बीजेपी के नेताओं ने ना हटा दिया। पूरा देश जानता है दिग्विजय सिंह दंगे के खिलाफ है। मैंने ये कहा था कि 15 दिन पीसीसी दफ्तर में सोया था। हिंदू, मुसलमान के साथ मिलकर दंगा फसाद ना हो उसके प्रयास किया था। सिर्फ मेरे बयान से ना ही तो हटाना था। बाबरी मस्जिद को शहीद बताने वाले बयान पर दिग्विजय ने कहा -किसी धार्मिक स्थल को जबरदस्ती गिराओगे तो क्या कहेंगे।