बुधनी। सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा सीट पर 13 नवंबर को होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा- कांग्रेस ने कमर कस ली है। कल गुरुवार को जहां कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल ने शक्ति प्रदर्शन कर नामांकन दाखिल किया था। वहीं शुक्रवार भाजपा उम्मीदवार रामाकांत भार्गव ने नामांकन फार्म जमा किया। भार्गव ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में हजारों समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया।
रमाकांत भार्गव का नामांकन दाखिल कराने से पहले भाजपा के दिग्गजों ने कार्यकर्ता सम्मेलन सम्मेलन को संबोधित किया। सीएम यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बुधनी में चारों तरफ विकास है और यह आगे भी जारी रहेगा। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बीडी शर्मा ने भी लोगों को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी रमाकांत भार्गव के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।

हर चुनाव भाजपा जीत रही, कांग्रेस की बज रही बैंड – सीएम
सीएम ने कहा कि जिस तरह से गंगा जी हिमालय से निकलकर लगातार आगे बढ़ती गई हैं, उसी तरह से मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए पार्टी की विजय यात्रा बुधनी विधानसभा से निकली है और लगातार आगे बढ़ रही है। एक या दो चुनाव नहीं, भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव जीत रही है और कांग्रेस की लगातार बैंड बज रही है। 2023 के विधानसभा चुनाव में हमने जीत का रिकॉर्ड बनाया और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में तो मध्यप्रदेश में भाजपा सभी 29 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया। कोई 5 लाख वोटों से जीता, तो कोई 7 लाख और किसी ने तो 10 लाख वोटों से प्रचंड जीत दर्ज की। यह भारतीय जनता पार्टी की ताकत है।
कांग्रेस के समय चलता नल भी हो जाता था बंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के समय में अच्छा खासा चलता हुआ नल भी बंद हो जाता था। हमारी सरकार ने चौतरफा विकास किया। स्कूल कॉलेज खोले गए, नल-जल योजना सहित अधोसंरचना से जुड़े अन्य काम हुए। हमारी सरकार बनी, तो अयोध्या में भगवान राम मुस्कुराए। भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा में वो मुस्लिम भाई तो पहुंचे थे, जिन्होंने कोर्ट में केस लड़ा, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी, उनकी बहन और परिवार नहीं गया। अब जब कांग्रेस के लोग आपसे वोट मांगने आएं, तो उनसे यही पूछना कि आप श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में गए थे क्या?

रिकॉर्ड बहुमत से भाजपा को जिताने का संकल्प लें कार्यकर्ता – शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी की धरती कभी कांग्रेस का गढ़ हुआ करती थी, लेकिन कार्यकर्ताओं ने अपनी मेहनत से यहां भाजपा को स्थापित किया है। कांग्रेस पार्टी अब कहीं भी जीतने वाली नहीं है। हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की हवा निकल गई है और महाराष्ट्र तथा झारखंड में भी कांग्रेस नहीं आने वाली। मैं जब भी यहां से चुनाव लड़ता था, तो कार्यकर्ता ही मेरा चुनाव लड़ते थे और मुझे प्रचंड बहुमत से जिताते थे। मेरे सामने जो कार्यकर्ता बैठे हैं, हम सब एक ही हैं और भारतीय जनता पार्टी एक परिवार है। जब मेरा हर चुनाव कार्यकतार्ओं ने लड़ा है, तो रमाकांत भार्गव का चुनाव भी कार्यकर्ता ही लड़ेंगे और श्री भार्गव को मुझसे भी अधिक वोटों से जिताएंगे। इसके लिए सभी कार्यकर्ता प्रचंड बहुमत से कमल खिलाने का संकल्प लें। मैंने बुधनी क्षेत्र के विकास में भी कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस के जमाने में सड़कें नहीं थीं, घोड़े पर बैठकर जाना पड़ता था।

कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के जमाने में तो क्रिकेट की पिच जैसी सड़क बनती थी। कोई सड़क पर निकल जाये तो हालत खराब हो जाती थी। कांग्रेस शासनकाल में बुधनी में स्कूल नहीं था। 2003 में भाजपा की सरकार बनी और मैं मुख्यमंत्री बना इसके बाद उत्कृष्ट विद्यालय, सीएम राइज विद्यालय, आइटीआई कॉलेज, मेडिकल कॉलेज बुधनी में खुले। कांग्रेस के जमाने में केवल एक फसल होती थी। भाजपा सरकार ने सिंचाई के पानी की व्यवस्था की और अब तीन-तीन फसल होती है। हमने सरकार नहीं चलाई, परिवार चलाया है। ये जो बैठे हैं, नेता या कार्यकर्ता नहीं, परिवार के सदस्य हैं।
भार्गस को मुझसे ज्यादा वोटों से जिताओ: शिवराज की अपील
शिवराज ने कहा आपमें एक बीमार हो जाता है, तो जब तक ठीक नहीं होता, तब तक मैं बेचैन रहता हूं। सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई के मामले में हमने विकास की नई इबारत लिखी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। मैं चाहता हूं कि रमाकांत भार्गव को मुझसे ज्यादा वोटों से चुनाव जिताओ, जीत का नया रिकॉर्ड बनाओ। उन्होंने कहा कि मेरा हर चुनाव कार्यकतार्ओं ने ही लड़ा है, यह उपचुनाव भी भाजपा कार्यकर्ता ही जिताएंगे। 2023 के विधानसभा चुनाव में मुझे जितने वोटों से चुनाव जिताया था, उससे अधिक वोटों से पार्टी प्रत्याशी श्री रमाकांत भार्गव को चुनाव जिताएं।

रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं का उमड़ा जनसैलाब
जनसभा को संबोधित करने के बाद सभी नेताओं ने रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय में रमाकांत भार्गव का नामांकन दाखिल कराया। इस दौरान बुधनी शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में लोग नामांकन दाखिल करने पहुंचे। खास बात यह भी रही की सभा में शामिल होने जैसे ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे, कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से ताली बजाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान पंडाल ने जमकर नारे लगाए गए। आंधी नहीं तूफान है शिवराज सिंह चौहान है। शिवराज ने सभी का आभार माना और उन्हें नमस्कार किया।
बुधनी में दावेदारों को एक मंच पर लाने की कोशिश में बीजेपी
बता दें कि शिवराज सिंह चौहान की परंपरागत सीट बुधनी से पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव के अलावा शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय, पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री गुरुप्रसाद शर्मा, रघुनाथ सिंह भाटी और रवि मालवीय टिकट के दावेदारों की रेस में थे। लेकिन भाजपा से भार्गव को टिकट मिलने के बाद पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राजपूत की खुलकर नाराजगी देखने को मिल रही है। हालांकि भार्गव को टिकट मिलने के बाद बाकी दावेदारों ने तो उनका समर्थन कर दिया, लेकिन पूर्व विधायक राजेंद्र राजपूत अब तक नाराज हैं। बीजेपी संगठन इस प्रयास में लगा है कि आज भार्गव की नामांकन सभा में सभी दावेदार मंच पर नजर आएं।
कल कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल भर चुके नामांकन
बुधनी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी राजकुमार पटेल के नामांकन से पहले सभा हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। फिर नामाकंन जमा किया।