नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए करीब दो हफ्ते हो रहे हैं। लेकिन भाजपा अब मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं कर सकी है। हालांकि आज इस पर सस्पेंस खत्म हो जाएगा। दरअसल आज भाजपा विधायक दल की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। यहां पर यह बता दें कि मुख्यमंत्री की रेस में कई नेता हैं। सूत्रों की मानें तो प्रवेश वर्मा का नाम लिस्ट में सबसे ऊपर है। इसकी बड़ी वजह यह है कि प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराया है। हालांकि दिल्ली का ताज किसके सिर पर सजेगा इस पर सस्पेंस विधायक दल की बैठक के बाद ही होगा।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय टीम से नियुक्त किए गए आॅब्जर्वर विधायक दल की बैठक में मौजूद रहेंगे जो प्रस्ताव से आलाकमान को अवगत कराएंगे। नियमों का उल्लंघन न हो इसका भी ध्यान रखा जाएगा। मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होने के बाद भाजपा विधायक उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार का दावा पेश करेंगे। इसके बाद उपराज्यपाल प्रस्ताव को राष्ट्रपति के पास स्वीकृति के लिए भेजेंगे। प्रस्ताव पर राष्ट्रपति की मुहर लगने के बाद कल गुरुवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री रेस में आगे चल रहे नेताओं की बात करें तो प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय, पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता, शिखा राय, रवींद्र इंद्रराज सिंह व कैलाश गंगवाल के नामों की चर्चा है। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा नए चेहरे को मुख्यमंत्री बनाकर चौंका सकती है। राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस तरह की परिपाटी देखने को भी मिली है।
20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण समारोह
दिल्ली के रामलीला मैदान में गुरुवार को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण होगा। इसे लेकर शपथ ग्रहण की जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। नया सीएम 20 फरवरी सुबह 11.30 बजे रामलीला मैदान में शपथ लेगा। बता दें कि बीजेपी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी कर पाई है। ऐसे में भाजपा शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी में जुटी हुई है। बैठकों के साथ-साथ आयोजन स्थल रामलीला मैदान में भाजपा नेता दौरा भी कर रहे हैं। राजनिवास से भी मॉनिटरिंग की जा रही है। आयोजन स्थल पर टेंट और सोफे लगाए गए है। मेहमानों के बैठने के लिए बड़ी संख्या में कुर्सियां और एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। रामलीला मैदान की चहारदीवारी पर नया रंग-रोगन किया गया है।
राजनेता, धर्म गुरु, कलाकार, मुंबई के उद्योगपति मौजूद रहेंगे
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा। मंगलवार को राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, विनोद तावड़े, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी बैठक हुई। भाजपा नेताओं का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक और भव्य होगा। वीरेंद्र सचदेवा व तरुण चुघ ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से भी मुलाकात की। इधर, रामलीला मैदान में तीन मंच तैयार किए गए हैं। मोदी, अमित शाह, योगी आदित्यनाथ सहित 50 से ज्यादा हाई सिक्योरिटी वाले नेता रामलीला मैदान में पहुंचेंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल समेत एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एक मंच पर बैठेंगे, जबकि दूसरे मंच पर नवनिर्वाचित भाजपा विधायक व तीसरे पर साधु-संत, फिल्म कलाकार समेत विशेष अतिथि देखेंगे।
राजनेता, धर्म गुरु, कलाकार, मुंबई के उद्योगपति मौजूद रहेंगे
समारोह से पहले रंगारंग कार्यक्रम होगा। कैलाश खैर की प्रस्तुति भी हो सकती है। केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित वर्ग के लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। इसमें लाडली-बहनों को भी बुलाया जाएगा। फिल्मी सितारों में अक्षय कुमार, मुंबई के प्रसिद्ध उद्योगपति, किसानों समेत करीब 30 हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में बाबा धीरेंद्र शास्त्री समेत अन्य धर्म गुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है।