वडोदरा। गुजरात से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। बडोदरा जिले के महिसागर नदी पर बने गंभीरा ब्रिज का एक हिस्सा ढह गया गया है। इस दौरान कई वाहन नदी में जा गिरे। ताजा जानकारी के अनुसार चार वाहन नदी में गिरे है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। हादसे की पुष्टि करते हुए गुजरात के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि पुल हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने अभी तक चार लोगों को बचा लिया है। बचाव कार्य जारी है।
यह घटना सुबह 8.30 बजे के आसपास की है। पुल टूटने की वजह से दो ट्रक और एक पिकअप वैन सहित चार वाहन महिसागर नदी में गिर गए। बताया जा रहा है कि यह ब्रिज 43 साल पुराना था। वडोदरा-आणंद को जोड़ने वाला यह गंभीरा ब्रिज उस समय गिर गया। जब भारी ट्रैफिक था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेस्क्यू अभियान जारी
वीडियो में देखा जा सकता है कि गंभीरा नदी पर बने पुल का एक बड़ा हिस्सा ढहा हुआ है। जिस पर एक टैंकर लटका हुए नजर आ रहा है। वहीं पुल के दूसरे ओर एक बाइक लटकी हुई नजर आ रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। यह पुल पादरा इलाके में बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू का काम फिलहाल चल रहा है। पड़ारा पुलिस निरीक्षक विजय चरण ने बताया कि अब तक चार लोगों को बचा लिया गया है और बचाव अभियान अभी भी जारी है।
सुसाइड प्वाइंट के तौर पर भी जाना जाता है ब्रिज को
पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर हैं। इस हादसे की वजह से क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ है। पुलिस ने ट्रैफिक को डाइवर्ट कर दिया है। इस ब्रिज को आमतौर पर सुसाइड प्वॉइन्ट के तौर पर भी जाना जाता है। गंभीरा ब्रिज मध्य गुजरात के अहम पुलों में शामिल है। यह मध्य गुजरात को सौराष्ट्र से जोड़ता है। गंभीरा पुल के ढहने पर सड़क एवं भवन विभाग के सचिव पीआर पटेलिया ने कहा, हमें गंभीरा पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है। विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर भेज दी गई है।