नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर के मुरीद हो गए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने थरूर की जमकर सराहना भी की है। किरेन रिजिजू ने एक बातचीत के दौरान कहा कि वे देश के लिए सोचते हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि थरूर जैसे विपक्ष में कई ऐसे नेता हैं जो देश की परवाह करते हैं। खास बात यह है कि किरेन रिजिजू ने थरूर की ऐसे समय में तारीफ की है, जब वह पार्टी की रेड लाइन हटकर कई मौकों पर केन्द्र सरकार की सराहना कर चुके हैं। खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की। केन्द्रीय मंत्री द्वारा तारीफ किए जाने के बाद सियासी गलियारों में यह भी चर्चा शुरू हो गई है कि क्या थरूर कांग्रेस छोड़ने का मन बना रहे हैं।
रिजिजू ने कहा, मेरे अनुभव से, कांग्रेस और अन्य दलों में ऐसे कई सांसद हैं जिनके पास देश के लिए अच्छे विचार हैं, लेकिन वे अपने नेताओं के सामने बोलने से डरते हैं। शशि थरूर कभी-कभी बोलते हैं, लेकिन फिर उन्हें कांग्रेस के भीतर से ही गाली का सामना करना पड़ता है, जो सही नहीं है।
राहुल-तेजस्वी पर बरसे केन्द्रीय मंत्री
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए और तेजस्वी यादव अपने लिए लालू प्रसाद के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन दोनों मिलकर बिहार और देश का भविष्य ठीक नहीं कर सकते। वहीं चीन में एससीओ शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी को दुनियाभर के नेता पहचानते हैं। दुनियाभर के सबसे वरिष्ठ राजनेताओं में प्रधानमंत्री मोदी को भी मान्यता प्राप्त है।
मदरसों से जुड़े सवाल पर यह बोले केन्द्रीय मंत्री
मदरसों में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, अगर मदरसे आधुनिक शिक्षा प्रदान करते हैं तो यह अच्छी बात है। धार्मिक शिक्षा ठीक है, लेकिन इसके साथ ही आधुनिक शिक्षा भी जरूरी है। आज छात्र नौकरी कैसे पाएंगे या वैज्ञानिक ज्ञान और जानकारी कैसे प्राप्त करेंगे, यह सिर्फ आधुनिक शिक्षा से ही संभव है।